द फॉलोअप डेस्क:
Nitin Nabin Chhath: छठ महापर्व (Chhath Puja) के पहले दिन यानी नहाय-खाय (Nhae- Khae) के अवसर पर भाजपा (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन (Nitin Nabin) ने पटना (Patna) के पाटलीपुल (Patlipul) स्थित दीघा घाट (Digha Ghat) का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने छठ पर्व (Chhath Puja) के महत्व पर अपनी बात रखी और इसे स्वच्छता, अनुशासन, पवित्रता तथा किसानों के सम्मान से जुड़ा महापर्व बताया। नितिन नबीन ने कहा कि छठ केवल आस्था का पर्व नहीं है, बल्कि यह लोगों को एकजुटता और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश भी देता है। उनके मुताबिक, इस महापर्व से मिलने वाली ऊर्जा और शक्ति लोगों को पूरे साल अपनी जिम्मेदारियां निभाने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि छठ बिहार की संस्कृति और परंपराओं को देश ही नहीं, बल्कि दुनिया भर में एक अलग पहचान दिलाता है।

बचपन से जुड़ी हैं छठ की यादें
नितिन नबीन ने छठ से जुड़ी अपनी बचपन की यादें भी साझा कीं। उन्होंने बताया कि वह बचपन से ही इस महापर्व को देखते और इसी परंपरा के बीच बड़े हुए हैं। पाटलीपुल के पास गंगा किनारे स्थित छठ घाट उनके परिवार के लिए लंबे समय से खास महत्व रखते हैं। उनके पिता के समय से ही परिवार के लोग इसी घाट पर भगवान सूर्य को अर्घ्य देने आते रहे हैं। उन्होंने कहा कि छठ पूजा में परिवार की एकजुटता, साफ-सफाई, पवित्रता और अनुशासन का विशेष महत्व है। इस पर्व के जरिए भगवान भास्कर और मां गंगा के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने के साथ-साथ अन्न उपजाने वाले किसानों के योगदान के प्रति सम्मान भी प्रकट किया जाता है।

देश-दुनिया तक पहुंची छठ की परंपरा
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि छठ के दौरान गंगा की विशालता और उसके विस्तार को महसूस करने का अवसर मिलता है। बिहार के लोग रोजगार और दूसरे कारणों से देश-दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में पहुंचे, लेकिन उन्होंने अपनी संस्कृति और छठ की परंपरा को भी अपने साथ बनाए रखा। उन्होंने न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी में आयोजित होने वाले छठ समारोहों, मुंबई के गिरगांव चौपाटी पर होने वाली पूजा और दिल्ली में यमुना किनारे छठ मनाने के प्रयासों का जिक्र किया। नितिन नबीन के अनुसार, जहां भी बिहार के लोग बसे हैं, वहां छठ की परंपरा को पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ अपनाया गया है। यह महापर्व आज बिहार की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक स्तर पर पहुंचाने का माध्यम बन चुका है।