द फॉलोअप डेस्क:
Bhagalpur: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के भागलपुर पहुंचने के साथ ही सोमवार को ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा (Loktantra Bachao Arajakta Hatao Padyatra) की शुरुआत हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद भागलपुर में यह उनका पहला दौरा है। इसको लेकर एनडीए कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। भागलपुर हवाई अड्डे पर एनडीए नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उनका काफिला तिलकामांझी, आदमपुर और मानिक सरकार चौक होते हुए लाजपत पार्क पहुंचा, जहां आयोजित जनसभा के बाद पदयात्रा को हरी झंडी दिखाई गई। इसमें भाजपा, जदयू, लोजपा (रामविलास) और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) समेत एनडीए के घटक दलों के मंत्री, विधायक और हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए।

1300 मीटर की पदयात्रा, घंटाघर पर समापन
कार्यक्रम संयोजक नितेश सिंह के अनुसार, पदयात्रा करीब 1300 मीटर की दूरी तय करेगी। लाजपत पार्क से शुरू होकर यह खरमनचक और भामाशाह चौक होते हुए ऐतिहासिक घंटाघर चौक पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा। पदयात्रा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, मंत्री दीपक प्रकाश, मंत्री संतोष सुमन समेत गठबंधन के कई प्रमुख नेता शामिल हुए। भागलपुर के अलावा नवगछिया और बांका से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे। नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और जनभागीदारी का संदेश देने वाला अभियान बताया।

SIR और वोट चोरी के आरोपों पर विपक्ष को घेरा
जनसभा के दौरान नेताओं ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर चुनावी प्रक्रिया को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। जिले के प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि चुनाव आयोग एक स्वतंत्र संवैधानिक संस्था है और चुनाव में हारने के बाद वोट चोरी के आरोप लगाना उचित नहीं है। उन्होंने दावा किया कि बिहार में विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण ( SIR) के दौरान 65 लाख ऐसे नाम हटाए गए, जो मृत, स्थानांतरित या दोहरी प्रविष्टि वाले थे, जबकि 21.5 लाख नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े गए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोपों को साबित नहीं कर पाया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने राहुल गांधी पर देश में अराजकता फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।

बिहार के विकास और एनडीए की एकजुटता पर जोर
पदयात्रा के दौरान एनडीए नेताओं ने केंद्र और बिहार सरकार की विकास योजनाओं का जिक्र करते हुए गठबंधन की एकजुटता पर जोर दिया। हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि अंग प्रदेश से शुरू हुआ यह अभियान पूरे राज्य में राजनीतिक चेतना जगाने का काम करेगा। भागलपुर के विधायक रोहित पांडेय और नाथनगर के विधायक मिथुन यादव ने नितिन नवीन के भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने को बिहार के लिए गौरव का विषय बताया। पूर्व मंत्री रामनारायण मंडल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सरकार जनहित और विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। पूर्व राज्यसभा सांसद कहकशां परवीन ने भी केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया। वहीं, खगड़िया सांसद राजेश वर्मा और पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने विपक्ष की राजनीति पर सवाल उठाए। एनडीए नेताओं ने आगामी चुनावों में भी गठबंधन की जीत का भरोसा जताया।