logo

मुजफ्फरपुर के गोबरसही में गैस पाइपलाइन फटी, 5 लोगों की मौत की आशंका

मुजफ्फरपुर के गोबरसही में गैस पाइपलाइन फटी, 5 लोगों की मौत की आशंका

द फॉलोअप डेस्क:

मुजफ्फरपुर (Muzaffarpur) के गोबरसही इलाके में भूमिगत गैस पाइपलाइन फटने (Gas Pipeline Explosion) से भीषण हादसा हो गया। पाइपलाइन (Pipeline) फटने के बाद जोरदार धमाका हुआ, जिसमें पांच लोगों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, करीब एक दर्जन लोगों के घायल होने की सूचना है। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। घटना के बाद गोबरसही और आसपास के मोहल्लों में अफरातफरी मच गई। धमाके की तेज आवाज सुनकर लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए।

तीन किलोमीटर दूर तक सुनाई दी आवाज

गैस पाइपलाइन फटने से हुआ धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज करीब तीन किलोमीटर दूर खबरा गांव तक सुनाई दी। धमाके की आवाज सुनते ही लोग घरों से बाहर निकलने लगे। विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आसपास का एक मकान और एक दुकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

मौके पर जुटी भारी भीड़

हादसे के बाद आसपास की बस्तियों में चीख-पुकार मच गई। गैस रिसाव और आग लगने के खतरे को देखते हुए लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही शहर के दूसरे हिस्सों से भी बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचने लगे। गोबरसही चौक और आसपास के संपर्क मार्गों पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे राहत और बचाव कार्यों में परेशानी हो रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस, दमकल विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई हैं। घायलों को अस्पताल पहुंचाने का काम जारी है। हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बना हुआ है।

Tags - Bihar News Bihar Latest News Muzaffarpur Gas Pipeline Blast Gobarsahi Gas Pipeline Explosion