logo

पत्नी का गला रेतकर बेटियों से बोला रिटायर्ड लोको पायलट- दूसरी मम्मी लाएंगे

 पत्नी का गला रेतकर बेटियों से बोला रिटायर्ड लोको पायलट- दूसरी मम्मी लाएंगे

द फॉलोअप डेस्क: 

Jamalpur Murder Case: बिहार (Bihar) के मुंगेर जिले (Munger District) में घरेलू विवाद के बीच हत्या की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। जमालपुर (Jamalpur) थाना क्षेत्र में एक पति ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात बुधवार की देर रात करीब एक बजे की बताई जा रही है। हत्या के बाद आरोपी पति दशरथ मंडल ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। मृतका की पहचान पूजा देवी के रूप में हुई है। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। वहीं, पूजा की दो मासूम बेटियां मां से हमेशा के लिए बिछड़ गईं।

2015 में हुई थी शादी, रिश्तों में बढ़ने लगा था तनाव

जानकारी के अनुसार, यह घटना जमालपुर के सदर बाजार फाड़ी के समीप की है। पूजा देवी की शादी वर्ष 2015 में धरहरा थाना क्षेत्र के दशरथपुर निवासी दशरथ मंडल से हुई थी। दशरथ रेलवे में लोको पायलट के पद पर कार्यरत था और बाद में वीआरएस लेकर सेवानिवृत्त हो चुका था। दंपती की दो बेटियां हैं। बताया जाता है कि शादी के कुछ साल बाद ही दोनों के रिश्तों में तनाव बढ़ने लगा था। पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। परिवार के स्तर पर कई बार सुलह कराने की कोशिश की गई, लेकिन विवाद का स्थायी समाधान नहीं निकल सका। मामला एक बार थाने तक भी पहुंचा था।

मायके वालों ने लगाया प्रताड़ना का आरोप

मृतका के भाई शुभम कुमार ने आरोप लगाया है कि पूजा को लंबे समय से मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। करीब एक साल पहले भी उसके साथ मारपीट की गई थी। इस मामले में थाने में आवेदन दिया गया था, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था। बुधवार की देर रात करीब 12:30 बजे जमालपुर पुलिस ने पूजा के भाई को फोन कर उसकी हत्या की जानकारी दी। सूचना मिलते ही मायके के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। वहां पूजा खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ी थी। उसके गले पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। उधर, वारदात के बाद आरोपी पति दशरथ मंडल ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया।

FSL टीम ने की जांच, हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और हत्या में इस्तेमाल किए गए धारदार हथियार को बरामद कर लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। जमालपुर थानाध्यक्ष पंकज पासवान ने बताया कि आरोपी पति ने आत्मसमर्पण कर दिया है। पुलिस फिलहाल हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। पूजा की मौत के बाद उसकी दोनों मासूम बेटियों के सिर से मां का साया उठ गया है। वहीं, परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Tags - Bihar News Bihar Latest News Munger Wife Murder Jamalpur Murder Case Munger Crime News Husband Kills Wife