logo

बिहार की मोनिका ने खो-खो में भारत को दिलाया स्वर्ण पदक, लौटने के बाद हुआ भव्य स्वागत 

मोनिका.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

भारत के खो-खो खिलाड़ी मोनिका साह का नवगछिया में जोरदार स्वागत किया गया। जब मोनिका नवगछिया पहुंची तो पूरे इलाके में उत्साह और गर्व की लहर दौड़ पड़ी। स्थानीय लोग और नवगछिया अध्यक्ष प्रीति कुमारी, युवा समाजसेवी प्रेम सागर उर्फ डब्लू यादव, और ताई कमांडो के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी जेंट्स फाइटर ने उन्हें सम्मानित किया।
नवगछिया की चैंपियन बेटी मोनिका साह से ईटीवी भारत के संवाददाता रजनीकांत उपाध्याय ने खास बातचीत की। मोनिका ने कहा, "नवगछिया पहुंच कर बहुत अच्छा लग रहा है। लोगों का प्यार और इतना सम्मान मिला। लोग मुझे देख कर मोटिवेट हो रहे हैं। मैं बच्चों का प्रेरणा स्रोत भी हूं कि दीदी यदि वर्ल्ड स्तर पर खेल सकती है तो मैं भी खेल सकती हूं।"
मोनिका ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा शुरू की गई "मेडल लाओ नौकरी पाओ" योजना पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "सीएम नीतीश कुमार ने इतनी बढ़िया योजना बनाई है। यह एक खिलाड़ी के लिए बहुत बड़ा तोहफा है।" बता दें कि बिहार में 2024 में कई खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियां दी गईं, जिनमें अधिकांश को पुलिस विभाग में नियुक्त किया गया।
मोनिका मूल रूप से नवगछिया के गोपालपुर प्रखंड स्थित डिमहा गांव की रहने वाली हैं। हाल ही में दिल्ली में आयोजित खो-खो वर्ल्ड कप चैंपियनशिप में भारतीय टीम को स्वर्ण पदक दिलाया। इस प्रतियोगिता में कई देशों की टीमें शामिल थीं, लेकिन भारत की बेटियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से देश को चैंपियन बनाया।
मोनिका की इस सफलता पर बिहार समेत पूरे देश में खुशी की लहर है। खेल जगत में बिहार को नयी पहचान मिल रही है, और खो-खो जैसे भारतीय खेलों में भी अपनी पहचान बना रहा है। मोनिका की यह उपलब्धि न केवल बिहार बल्कि पूरे देश के लिए गर्व की बात है।

Tags - Biharbiharnewsbiharpostkho-khogoldmedalmonikaproudmomentlatestnews