logo

गोपालगंज पहुंचे लालू यादव, साथ दिखीं राबड़ी-रोहिणी; एक झलक पाने को उमड़े समर्थक

गोपालगंज पहुंचे लालू यादव, साथ दिखीं राबड़ी-रोहिणी; एक झलक पाने को उमड़े समर्थक

द फॉलोअप डेस्क:

Lalu Yadav: राजद (RJD) सुप्रीमो एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) गुरुवार की देर शाम अपने पूरे परिवार के साथ गोपालगंज पहुंचे। यहां उचकागांव प्रखंड के बरगछिया गांव में एक करीबी रिश्तेदार के आवास पर आयोजित निजी पारिवारिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में उन्होंने शिरकत की। उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी (Rabri Devi) और उनकी पुत्री रोहिणी आचार्य भी मौजूद थीं। लालू यादव के गांव पहुंचने की खबर फैलते ही इलाके में हलचल तेज हो गई। उनकी एक झलक पाने के लिए बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खासा उत्साह देखने को मिला।

रिश्तेदार के घर आयोजित था सांस्कृतिक कार्यक्रम

जानकारी के अनुसार, बरगछिया गांव निवासी और लालू प्रसाद यादव के करीबी रिश्तेदार सुभाष चंद्र यादव के आवास पर पारिवारिक एवं सांस्कृतिक समारोह का आयोजन किया गया था। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लालू यादव अपने परिवार के साथ पहुंचे थे। उनके आने की सूचना मिलते ही शाम से ही राजद कार्यकर्ताओं और समर्थकों का जुटना शुरू हो गया। जैसे ही उनका काफिला गांव में दाखिल हुआ, बड़ी संख्या में लोग उन्हें देखने के लिए पहुंच गए। समर्थकों के उत्साह को देखते हुए लालू यादव भी अपनी गाड़ी से बाहर निकले और कुछ देर तक स्थानीय लोगों व कार्यकर्ताओं से मुस्कुराते हुए बातचीत कर उनका हालचाल जाना।

फूल-मालाओं और नारों से हुआ स्वागत

लालू प्रसाद यादव के स्वागत के लिए राजद जिलाध्यक्ष दिलीप सिंह, हथुआ के पूर्व विधायक राजेश सिंह, स्थानीय नेता रूपेश यादव, बशीर मियां, शिवनाथ यादव और राकेश तिवारी समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे। उनके पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। इस दौरान समर्थकों ने जोरदार नारेबाजी भी की। अपने नेता की एक झलक पाने और उनसे मिलने के लिए लोगों में काफी उत्सुकता नजर आई।

सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहा पुलिस बल

लालू प्रसाद यादव के आगमन और कार्यक्रम को देखते हुए स्थानीय पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार के नेतृत्व में सब इंस्पेक्टर आनंद कुमार सिंह समेत पुलिस बल की तैनाती की गई थी। वहीं, लालू यादव के काफिले को एस्कॉर्ट करने की जिम्मेदारी सब इंस्पेक्टर नीतू कुमारी को दी गई थी। पूरे कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रखी।
 

Tags - Bihar News Bihar Latest News Lalu Prasad Yadav Gopalganj Visit Lalu Yadav Bihar Visit