logo

कहलगांव के किशन कुमार का भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम में हुआ चयन, ऑस्ट्रेलिया दौरे पर करेंगे देश का प्रतिनिधित्व

kishan_kumar_bihar.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बिहार के भागलपुर जिले के कहलगांव से ताल्लुक रखने वाले किशन कुमार ने क्रिकेट जगत में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज किशन अब भारतीय अंडर-19 टीम का हिस्सा बन चुके हैं और वे 21 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ऑस्ट्रेलिया दौरे पर देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा घोषित 17 सदस्यीय टीम में उनका चयन हुआ है, जिसकी कप्तानी आयुष महात्रे करेंगे। टीम में आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करने वाले वैभव सूर्यवंशी भी शामिल हैं।

किशन के चयन की खबर मिलते ही उनके परिवार, दोस्तों और कोचिंग स्टाफ में खुशी की लहर दौड़ गई। माता-पिता सुशील कुमार और रीना सिंह ने इसे पूरे परिवार और देश के लिए गर्व का क्षण बताया। किशन ने कहा कि यह उनके लिए देश के लिए खेलने का बड़ा मौका है और वे पूरी कोशिश करेंगे कि अपने प्रदर्शन से लोगों के विश्वास पर खरा उतरें। उन्होंने बताया कि उनके रोल मॉडल बेन स्टोक्स हैं और उनके मेंटर आशीष नेहरा हैं।

किशन वर्तमान में नोएडा में चल रहे भारतीय अंडर-19 हाई परफॉर्मेंस कैंप में भाग ले रहे हैं। इससे पहले वे बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस कैंप का भी हिस्सा रह चुके हैं। किशन पिछले दो वर्षों से आईपीएल फ्रेंचाइज़ी गुजरात टाइटंस के लिए नेट गेंदबाज के रूप में भी सक्रिय हैं।

उनके कोच नागेंद्र नेगी, यशोवर्धन आचार्य, सोनू सिंह, उज्जवल सिंह, अजीत सिंह, चीकू सिंह रघुवंशी, रौनक सिंह, राहुल, पंकज सिंह, पिंटू सिंह और अनुराधा रजक ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। नैनी स्थित डीपीएस मैदान पर संचालित आशीष नेहरा क्रिकेट अकादमी की प्रशिक्षक स्वाति सिंह ने बताया कि किशन अकादमी के शुरुआती प्रशिक्षुओं में से हैं और उन्होंने शुरू से ही अनुशासन और समर्पण से खुद को साबित किया है।

जानकारी के अनुसार, किशन का बचपन गरीबी में गुजरा है। उनके पिता एक किसान हैं जो किसी तरह अपने परिवार का गुजारा करते हैं। किशन दो भाईयों में छोटे हैं। उनके पिता भी क्रिकेट खेलते थे, लेकिन संसाधनों की कमी के कारण वे आगे नहीं बढ़ पाए। अब किशन अपने पिता के अधूरे सपनों को पूरा करने की ओर बढ़ रहे हैं।



 

Tags - latest Bihar News Bihar News updates latest Bihar news Bihar news updates Cricket under 19 match latest jharkhand News jharkhand News updates Bihar News Latest bihar news ZBihar news updates bihar news in hindi