द फॉलोअप डेस्क
झारखंड जेडीयू (JDU) के अध्यक्ष खीरू महतो (Khiru Mahato) ने मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (CM Hemant Soren) से मुलाकात की। राज्यसभा सांसद खीरू महतो ने मुख्यमंत्री से झारखंड मंत्रालय (Jharkhand Ministry) में मुलाकात की है। खीरू महतो ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को बिहार के सीएम सह JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार (Nitish kumar) के 21 जनवरी 2024 को प्रस्तावित झारखंड दौरे (Nitish Kumar jharkhand Visit) की जानकारी दी। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच झारखंड में जारी विकास कार्यों और राजनीतिक मुद्दों पर भी चर्चा हुई। गौरतलब है कि झारखंड में सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM), जेडीयू (JDU) के साथ इंडिया गठबंधन (INDIA Alliance) का हिस्सा है। पिछले साल जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने झारखंड का दौरा किया था तब उन्होंने सीएम हेमंत सोरेन के साथ साझा प्रेस वार्ता को संबोधित किया था।

सिद्दो कान्हू मैदान में होगा विशाल कार्यक्रम
मिशन 2024 के मद्देनजर नीतीश कुमार अपने राजनीतिक यात्रा झारखंड से शुरू करने जा रहे हैं। 21 जनवरी को नीतीश झारखंड के रामगढ़ आएंगे। इस दौरान जोहार नीतीश नाम से उनकी पहली रैली रामगढ़ में होगी। रामगढ़ के बस स्टैड के पास सिद्दो कान्हू मैदान में एक विशाल कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें हजारों लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। झारखंड जदयू के प्रभारी अशोक चौधरी ने बताया कि नीतीश कुमार के दौरे के लिए रामगढ़ को इसलिए चुना गया क्योंकि वहां जदयू की पुरानी पकड़ है। इस दौरान हमारी कोशिश होगी कि हम रामगढ़ के पांचों प्रमंडल में उनकी सभा करा सकें। सभा को तैयारियों और इसे सफल बनने के लिए जदयू नेता मधुकर सिंह को कॉ-ओर्डिनेटर बनाया गया है। पार्टी पूरी मजबूती के साथ आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव के लिए मैदान में उतरेगी। इसके लिए बड़े पैमाने पर प्रचार किया जाएगा।

झारखंड में जदयू को मजबूत करने की कवायद
मिशन 2024 के मद्देनजर नीतीश कुमार का पूरा फोकस जदयू का विस्तार झारखंड में करने पर होगा। 21 जनवरी को रामगढ़ में "जोहार नीतीश" रैली के माध्यम से झारखंड में जदयू की खोयी जमीन तलाश करेंगे।झारखंड में संगठन का विस्तार जदयू की प्राथमिकता में है। खीरू महर्ता को राज्यसभा का सदस्य बनाया जाना इसी से जोड़ कर देखा जा रहा है। इसलिए नये साल में जदयू के विस्तार के मिशन का आगाज झारखंड से ही करने की रणनीति बनायी गयी है। प्रमंडल स्तर पर सभाओं के आयोजन की भी तैयारी है, जिसका नाम 'जन जागरण अभियान' रखा गया है।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N\