logo

खगड़िया SP पर पत्नी को पीटने का आरोप, बोलीं– बच्ची से मिलने नहीं दे रहे

WhatsApp_Image_2026-09-04_at_2_32_18_PM.jpeg

बिहार:
बिहार के खगड़िया जिले के SP भानु प्रताप सिंह की पत्नी पूजा ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उनकी 5 साल की बेटी को उनसे दूर कर दिया गया है और उन्हें बेटी से मिलने नहीं दिया जा रहा है। पूजा ने आरोप लगाया कि उन पर तलाक देने का दबाव बनाया जा रहा है, ताकि उनके पति दूसरी शादी कर सकें। उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्हें गोली मारने की धमकी दी जा रही है और कहा जाता है कि भानु प्रताप सिंह IPS अधिकारी हैं, इसलिए उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।

‘मैं मेंटली डिस्टर्ब हूं, मुझे खगड़िया SP आवास में बंद करके रखा गया’
पूजा ने फोन पर बताया कि वह मानसिक रूप से काफी परेशान हैं और फिलहाल खगड़िया के एसपी आवास में हैं। उनके मुताबिक, उन्हें गुरुवार रात पटना से खगड़िया लाया गया और यहां उनके साथ मारपीट की गई। उन्होंने दावा किया कि उनकी 5 साल की बेटी उनके बिना नहीं रह पाती और लगातार रोती है। पूजा ने कहा कि उन्हें सिर्फ अपनी बेटी और परिवार चाहिए। पूजा का आरोप है कि एसपी आवास से ड्राइवर, कुक और बॉडीगार्ड समेत सभी कर्मचारियों को छुट्टी दे दी गई है। उन्होंने दावा किया कि घर में खाने तक की व्यवस्था नहीं है और उन्हें अकेले छोड़ दिया गया है। उन्होंने कहा कि गुरुवार रात से वह एक कमरे में बंद हैं और उनकी स्थिति बेहद खराब है। 

‘सारे सीनियर ऑफिसर उन्हें सपोर्ट कर रहे हैं’
पूजा ने आरोप लगाया कि DIG और IG स्तर के अधिकारी भी उनके पति का समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनका खाना-पीना बंद कर दिया गया है और अब उनके पास जीने की कोई उम्मीद नहीं बची है। उन्होंने अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप करने और उनके पति को बुलाकर विवाद सुलझाने की अपील की। पूजा ने कहा कि भानु प्रताप सिंह ने उनसे लव मैरिज की थी, लेकिन अब उन्हें बीच रास्ते में छोड़ दिया गया है। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने पति से कोई संपत्ति या अन्य चीज नहीं चाहिए, बल्कि सिर्फ एक शांत परिवार और अपनी बेटी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से अपील की कि उनकी बेटी को उनसे मिलाया जाए।

ससुराल वालों पर भी फोन नहीं उठाने का आरोप
पूजा के मुताबिक, उनके पति का परिवार उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके सास-ससुर भी उनका फोन नहीं उठा रहे हैं। पूजा ने बताया कि जब उन्होंने अपने ससुर से बेटी के बारे में पूछा तो उन्होंने कथित तौर पर कहा कि उन्हें नहीं पता कि बच्ची कहां है और अब वह अपने पति से ही बात करें। पूजा ने कहा कि वह नहीं चाहतीं कि उनके पति की नौकरी जाए। उन्होंने कहा कि उन्हें सिर्फ अपना हक, अपना परिवार और अपनी बेटी चाहिए। उनका आरोप है कि उन्हें पागल साबित करने की कोशिश की जा रही है और उनकी बेटी को उनके खिलाफ भड़काया जा रहा है। पूजा ने कहा कि वह कई बार भानु प्रताप सिंह से बेटी से बात कराने की गुहार लगा चुकी हैं, लेकिन उनकी बात नहीं कराई जा रही है।

2 अगस्त को बेटी और पति से मिलने पहुंची थीं खगड़िया
पूजा ने बताया कि उनके आसपास महिला सिपाहियों की तैनाती की गई है, ताकि वह कोई गलत कदम न उठा लें। उनके मुताबिक, महिला सिपाहियों ने भी बताया कि वरिष्ठ अधिकारी उन्हें किसी घटना की स्थिति में नौकरी जाने की धमकी देते हैं। पूजा ने कहा कि वह सिर्फ इंसाफ चाहती हैं। जानकारी के मुताबिक, पूजा 2 अगस्त को अपनी बेटी और पति से मिलने खगड़िया पहुंची थीं। एसपी आवास के गेट पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया। इसके बाद उन्होंने गेट पर काफी देर तक हंगामा किया। सूचना मिलने पर महिला पुलिस मौके पर पहुंची और काफी समझाने के बाद उन्हें सर्किट हाउस में ठहराया गया। जानकारी के अनुसार, पिछले दो दिनों से एसपी भानु प्रताप सिंह छुट्टी पर हैं।एसपी भानु प्रताप सिंह का पक्ष जानने के लिए जब फोन किया गया तो एडिशनल एसपी ने फोन उठाया। उन्होंने बताया कि एसपी फिलहाल छुट्टी पर गए हुए हैं। पत्नी की ओर से लगाए गए आरोपों पर एसपी का पक्ष सामने नहीं आया है।

Tags - Khagaria News Bhanu Pratap Singh Bihar Police IPS Officer Pooja Allegations