logo

खगड़िया में पुलिस मुठभेड़, SI की पिस्टल छीनकर भाग रहा था अपराधी; पैर लगी गोली

MUTH1.jpg

Khagaria Police Encounter: 
खगड़िया के बेलदौर में मंगलवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। अपराधियों द्वारा पुलिस टीम पर हमला कर सरकारी पिस्टल छीनने का प्रयास किया गया। इस दौरान जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी अखिलेश कुमार के पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो साथी फरार हो गए। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में है। मुठभेड़ सकरोहर-कुर्बन प्रधानमंत्री पथ पर रांकि बासा के समीप हुई। घटनास्थल से पुलिस को दो खोखा बरामद मिले हैं।

सरकारी पिस्टल छीनकर फरार हो गए
जानकारी के मुताबिक, जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र में वाहन जांच किया जा रहा था। इसी दौरान तीन अपराधियों ने पुलिस टीम पर हमला शुरू कर दिया। बदमाशों ने एक एसआई से मारपीट की और उनकी सरकारी पिस्टल छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। इसके बाद एसपी भानु प्रताप सिंह के निर्देश पर डीएसपी, डीआईयू और बेलदौर थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी शुरू की गई। अभियान के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

जवाबी कार्रवाई में लगी गोली
गिरफ्तार आरोपी को लेकर लौट रही पुलिस टीम पर सकरोहर-कुर्बन प्रधानमंत्री पथ स्थित रांकि बासा के पास आरोपी ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इसी दौरान जवाबी कार्रवाई में अपराधी को पैर में गोली लगी। घायल आरोपी की पहचान कुर्बान गांव निवासी लालो सदा के पुत्र अखिलेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

Tags - खगड़िया पुलिस मुठभेड़ खगड़िया न्यूज Beldaur News