logo

कैमूर में अनियंत्रित होकर पुलिया से टकराया तेज रफ्तार ट्रक, चालक और खलासी की मौत

xx1.jpg


कैमूर/बिहार
कैमूर जिले में एक तेज रफ्तार ट्रक ने अनियंत्रित होकर पुलिया से जा टकराया। इस हादसे में चालक और खलासी की मौत हो गई। वाहन चलाते समय चालक को झपकी आ गई थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ। हादसा कुदरा थाना क्षेत्र के परमालपुर के पास हुआ। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

झपकी लगने से बिगड़ा ट्रक का संतुलन
जानकारी के अनुसार, ट्रक सासाराम की ओर से मोहनिया की तरफ जा रहा था। इसी दौरान चालक को अचानक झपकी आ गई, जिससे ट्रक का संतुलन बिगड़ गया। तेज रफ्तार ट्रक सड़क किनारे लगे लोहे के बैरिकेडिंग को तोड़ते हुए पुलिया की दीवार से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय ट्रक पर सरिया लदा हुआ था। टक्कर के दौरान सरिया आगे की ओर खिसक गया, जिसकी चपेट में चालक और खलासी आ गए। दोनों सरिया के नीचे दब गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

मृतकों की पहचान

मृतक चालक की पहचान शंकर यादव के रूप में हुई है। वह गिरिडीह जिले के बरनी बेरगी डुमरी का रहने वाला था और ट्रक का मालिक भी बताया जा रहा है। वहीं, खलासी की पहचान भुनेश्वर यादव के रूप में हुई है, जो गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के कोराडीह गांव का निवासी था।

पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही कुदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को ट्रक से बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने बाद में सामान्य कराया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
इलाके में शोक का माहौल
इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने घटना पर दुख जताया है। पुलिस और प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि लंबी दूरी की यात्रा के दौरान पर्याप्त आराम करें। वाहन चलाते समय पूरी सतर्कता बरतें, ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके।

Tags - Kaimur Road Accidentतेज रफ्तार ट्रक हादसाट्रक पुलिया से टकराया Driver And Helper Died