logo

बिहार टेंडर घोटाले पर जन सुराज ने उठाया सवाल, कहा— एक साल बीत जाने के बाद भी कार्रवाई क्यों नहीं? 

jan1.jpg

पटना/बिहार
पटना में रविवार को जन सुराज ने बिहार में हुए टेंडर घोटाले को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने कार्रवाई में देरी होने पर सरकार और प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इस मामले में जब अप्रैल 2025 में ही FIR हुई थी तो करीब एक साल बीत जाने के बाद भी अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई। इस दौरान उन्होंने पूर्व आईएएस अधिकारी मुमुक्षु चौधरी, पूर्व मुख्य अभियंता तारणी दास, उमेश कुमार सिंह और बिचौलिया रिशु श्री के खिलाफ निष्पक्ष जांच की मांग की। साथ ही उन्होंने टेंडर प्रक्रिया में कथित हेरफेर, गोपनीय दस्तावेजों के दुरुपयोग, अवैध संपत्तियों और विदेश यात्राओं की भी जांच की मांग की।

राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
पार्टी के वरिष्ठ नेता किशोर कुमार मुन्ना ने कहा कि यह मामला केवल भ्रष्टाचार तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता के पैसे और सरकारी संस्थाओं की विश्वसनीयता से जुड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि पार्टी ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर पूरे प्रकरण की उच्च न्यायालय की निगरानी में स्वतंत्र और समयबद्ध जांच कराने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि इस घोटाले के वास्तविक लाभार्थियों की पहचान कर सच्चाई जनता के सामने लाई जानी चाहिए।

BPSC परीक्षा और ब्लैकलिस्टेड कंपनी पर भी सवाल
इस दौरान पार्टी के प्रवक्ता कुमार सौरभ ने BPSC की AEDO परीक्षा को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि साईं एडूकेयर कंपनी को गुजरात हाईकोर्ट और NTA द्वारा ब्लैकलिस्ट किया जा चुका है। बावजूद इसी कंपनी को परीक्षा लेने की जिम्मेदारी कैसे दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी कंपनी से जुड़े कुछ लोग आर्थिक अपराध इकाई की कार्रवाई में गिरफ्तार हुए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ये दावे के साथ कहे कि आगे से भविष्य में होने वाली प्रतियोगी परीक्षाएं निष्पक्ष होंगी। साथ ही परीक्षा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों की जवाबदेही भी तय करें।

Tags - Bihar Tender Scam Jan Suraaj Manoj Bharti Patna Press Conference