द फॉलोअप डेस्क
बिहार विधानसभा चुनाव में इस बार प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ने वाली है। पार्टी इस समय अपनी रणनीति पर जोर-शोर से काम कर रही है और अपनी उम्मीदवारों की पहली सूची भी तैयार कर चुकी है। जन सुराज ने जानकारी दी है कि पार्टी अपने उम्मीदवारों की पहली सूची 9 अक्टूबर को सार्वजनिक करेगी।
अब यह देखना होगा कि पार्टी अपनी पहली सूची में कितनी सीटों के लिए उम्मीदवारों का नाम घोषित करती है और किस आधार पर प्रत्याशियों का चयन किया गया है। प्रशांत किशोर ने यह दावा किया है कि उनकी पार्टी पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी, और अगर 125-130 सीटें भी आईं तो इसे हार मानेंगे।
इसके अलावा, जब पहली सूची जारी होगी, तो यह भी दिलचस्प होगा कि क्या जन सुराज ने उन उम्मीदवारों को टिकट दिया है जो पहले किसी बड़ी पार्टी का हिस्सा थे। पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह समेत कई अन्य बड़े चेहरों ने हाल ही में जन सुराज पार्टी जॉइन की है, और माना जा रहा है कि पार्टी ऐसे दमदार चेहरों को अपने टिकट पर उतार सकती है। वहीं, बिहार में इंडिया और एनडीए गठबंधन के बीच सीटों के बंटवारे पर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है।
