पटना/बिहार
पटना के एक निजी अस्पताल में रविवार को ITBP दारोगा ने छत से कूदकर जान दे दी। 3 जून से अस्पताल में भर्ती था। घटना पाटलिपुत्र औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल का है। मृतक की पहचान राजस्थान के भरतपुर निवासी विजय सिंह के रुप में हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को देखते हुए जांच में जुटी हुई है।

अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी
जानकारी के मुताबिक, दारोगा ITBP के टेलीकॉम डिपार्टमेंट में दारोगा के पद पर तैनात था। वर्तमान में सारण जिले के जलालपुर में पोस्टिंग थी। तबीयत खराब के वजह से पहले उन्हें फुलवारीशरीफ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था हालांकि बाद में वहां से एशियन अस्पताल में रेफर कर दिया गया था। बताया जा रहा है कि देखरेख के लिए एक जवान हमेशा साथ रहता था। लेकिन वॉशरुम जाने का बहाना बनाकर विजय ने अंदर से गेट बंद कर लिया औऱ फिर छत से कूदकर जान दे दी। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया। मरीजों और उनके परिजनों की भीड़ जुट गई।

कहानी में एक ट्वीस्ट
लेकिन इस कहानी में एक ट्वीस्ट भी है। सूत्रों के मुताबिक, जिस वॉशरुम में विजय गए थे, उसमें कोई खिड़की ही नहीं थी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और सभी पहलुओं को देखते हुए जांच में जुटी हुई है। पुलिस ने जानकारी जुटा कर परिजनों को इस घटना की सूचना दे दी है और डॉक्टरों से पूछताछ कर रही है कि अस्पताल में भर्ती के दौरान उसकी मानसिक स्थिति कैसी थी?