गोपालगंज/बिहार
गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र में रविवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई, जब पति की कथित बेवफाई से नाराज एक महिला मोबाइल टावर पर चढ़ गई। टावर पर महिला को देखकर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। महिला का आरोप है कि उसके पति ने दूसरी महिला को अपने साथ रख लिया है, जिससे वह लंबे समय से परेशान थी।

पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप
जानकारी के अनुसार महिला की शादी वर्ष 2019 में हुई थी। वह तीन बच्चों की मां है। महिला का कहना है कि उसने पति के खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी से नाराज होकर उसने विरोध जताने के लिए मोबाइल टावर पर चढ़ने का कदम उठाया। घटना की सूचना मिलते ही कटेया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को समझाने का प्रयास शुरू किया।

कई घंटों की मशक्कत के बाद उतरी महिला
करीब कई घंटों तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के दौरान पुलिस और ग्रामीण लगातार महिला को नीचे उतरने के लिए मनाते रहे। आखिरकार समझाने-बुझाने के बाद महिला टावर से नीचे उतरने के लिए तैयार हो गई। पुलिस ने उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया और महिला के साथ उसके पति को भी थाने ले गई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।