logo

पटना में ग्रीनफील्ड कॉरिडोर और किशनगंज में फोरलेन हाइवे को मंजूरी, केंद्र देगा 2200 करोड़ रुपए 

रोड1.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

केंद्र सरकार ने बिहार को 2200 करोड़ रुपये की राशि से दो महत्वपूर्ण हाइवे प्रोजेक्ट की मंजूरी दी है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने रविवार को इस संबंध में जानकारी दी। इनमें से एक प्रोजेक्ट आमस-दरभंगा एक्सप्रेसवे है, जबकि दूसरा किशनगंज जिले में एक नया फोरलेन हाइवे निर्माण से संबंधित है।
आमस-दरभंगा एक्सप्रेसवे परियोजना
इस परियोजना के तहत पटना जिले में रामनगर से कच्ची दरगाह तक एक ग्रीनफील्ड कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए 1082.85 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। यह सड़क पटना रिंग रोड का हिस्सा भी होगी। इस एक्सप्रेसवे से बिहार के आंतरिक हिस्सों को पश्चिम बंगाल, झारखंड और उत्तर-पूर्व राज्यों से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। साथ ही, राष्ट्रीय राजमार्ग 02 (नया NH-19) और राष्ट्रीय राजमार्ग 57 (नया NH-27) के बीच सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे क्षेत्र में यातायात और माल ढुलाई की दक्षता में भी सुधार होगा।
किशनगंज जिले में फोरलेन हाइवे परियोजना
किशनगंज जिले में एनएच 27 और एनएच 237E को जोड़ने के लिए लगभग 25 किलोमीटर लंबा फोरलेन हाइवे बनाया जाएगा। इस परियोजना के लिए 1117 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। यह हाइवे राष्ट्रीय राजमार्ग-27 (नया) और राष्ट्रीय राजमार्ग-327E के बीच सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करेगा और पूर्व-पश्चिम आर्थिक कॉरिडोर को मजबूत करेगा। इससे सिलीगुड़ी हवाई अड्डे (बागडोगरा) तक यात्रा में समय की बचत होगी, और यात्रियों को सबसे कुशल और नजदीकी मार्ग उपलब्ध होगा।
इन दोनों परियोजनाओं से बिहार में सड़क यातायात की स्थिति में सुधार होगा, और साथ ही राज्य की आंतरिक कनेक्टिविटी को भी बढ़ावा मिलेगा।

Tags - Biharbiharnewsbiharpostgreencorridorfourlane