गोपालगंज/बिहार
गोपालगंज में शादी समारोह में लड़की बनकर नाच रहे डांसर पर मौके पर मौजूद युवकों की नीयत बिगड़ गई। आरोप है कि इस दौरान कुछ लड़कों ने डांसर को जबरन स्टेज से खींचकर सुनसान जगह पर ले गए और उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। डांसर द्वारा इसका विरोध करने पर मनचलों ने उसे पेट में गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि डांसर अपने पीछे पत्नी समेत 2 बच्चे छोड़ गया। घटना जिले के कटेया थाना क्षेत्र के पटोहवा गांव का है।

मृतक की पहचान
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के महुआ पाटन गांव निवासी सोनू गोंड (32) के रुप में हुई है। बताया जा रहा है कि पटोहवा गांव के महेंद्र नाम के एक व्यक्ति की बेटी की शादी थी। शादी में उत्तर प्रदेश से बारात आई हुई थी। मनोरंजन के लिए नाच-ड्रामा पार्टी को भी बुलाया गया था। इसी कार्यक्रम में सोनू गोंड डांसर भी आया हुआ था। जानकारी के मुताबिक, सोनू स्टेज पर डांस कर रहा था। इसी दौरान मनचलों की मन में पाप जगी और उसे स्टेज से खींचकर किसी सुनसान जगह पर ले गए। वहां उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की गई। विरोध करने पर मनचलों ने पेट में गोली मार दी।

पुलिस आरोपियों की छानबीन कर रही
घटना के बाद घायल सोनू को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही कटेया थाना पुलिस मौके पर पहुंची शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। मामले की जांच में जुटी पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम की भी मदद ले रही है। इस मामले में प्रेस रिलीज भी जारी की गई है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की छानबीन कर रही है।