गया/बिहार
गया जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने की मांग को लेकर जदयू नेता एवं जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति (20 सूत्री) के सदस्य डॉ. जितेंद्र कुमार ने स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जिले के प्रमुख सरकारी अस्पतालों की समस्याओं को विस्तार से रखते हुए कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अस्पतालों की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना आवश्यक है। उन्होंने विशेष रूप से जय प्रकाश नारायण अस्पताल में नियमित साफ-सफाई, रखरखाव और बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करने की मांग की।

प्रभावती अस्पताल में डॉक्टरों की कमी पर जताई चिंता
मुलाकात के दौरान डॉ. जितेंद्र कुमार ने प्रभावती अस्पताल में चिकित्सकों और महिला चिकित्सकों की कमी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि स्वीकृत पदों के अनुरूप डॉक्टरों की नियुक्ति नहीं होने से मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता है। जिले के कई अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी के कारण मरीजों को दूसरे अस्पतालों में रेफर करना पड़ रहा है, जिससे खासकर गरीब और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अतिरिक्त आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ता है।

कुष्ठ अस्पताल की सुरक्षा और भूमि संरक्षण का मामला भी उठाया
डॉ. जितेंद्र कुमार ने गौतम बुद्ध कुष्ठ अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने अस्पताल परिसर की चारदीवारी निर्माण कराने तथा अस्पताल की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष रखी। इस पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया। साथ ही कहा कि संबंधित मामलों की समीक्षा कर स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में सकारात्मक पहल की जाएगी।