द फॉलोअप डेस्क:
EOU Raid: बिहार (Bihar) के गया जी (Gaya Ji) जिले में जमीन की खरीद-बिक्री और कथित बेनामी संपत्ति के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है। जांच एजेंसी की टीम ने डोभी (Dobhi) निवासी राजद नेता सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ (RJD Surendra Kumar Suman) भगत यादव और उनसे जुड़े लोगों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। यह कार्रवाई गया, औरंगाबाद और झारखंड में कुल आठ स्थानों पर की जा रही है। इनमें गया के पांच, औरंगाबाद का एक और झारखंड के दो ठिकाने शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, डीएसपी प्रवेंद्र भारती के नेतृत्व में पटना से पहुंची टीम दस्तावेजों और संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है। गया के एसएसपी सुशील कुमार ने भी छापेमारी की पुष्टि की है।

पत्नी और परिजनों के नाम पर संपत्ति खरीदने का आरोप
मामले में मिली शिकायत के अनुसार, भगत यादव पर अपनी पत्नी सुनीता देवी, बेटे आर्यन कुमार और अन्य सहयोगियों के नाम पर करोड़ों रुपये की संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि बोधगया, शेरघाटी और बाराचट्टी समेत गया के कई इलाकों में जमीन, फ्लैट और व्यावसायिक संपत्तियां खरीदी गई हैं। आवेदन में करीब 200 एकड़ जमीन पर कब्जे के जरिए संपत्ति का बड़ा नेटवर्क खड़ा करने का भी आरोप लगाया गया है। हालांकि, इन दावों की अभी जांच होनी है और इन्हें प्रमाणित तथ्य नहीं माना जा सकता।

23 आपराधिक मामलों का भी शिकायत में जिक्र
शिकायत में भगत यादव के खिलाफ बिहार और झारखंड के अलग-अलग थानों में दर्ज 23 प्राथमिकी का भी उल्लेख किया गया है। इनमें अपहरण, रंगदारी और जमीन पर कब्जे से जुड़े कथित मामले शामिल बताए गए हैं। गया के टिकारी, रामपुर, कोतवाली, बोधगया, शेरघाटी, डोभी और बाराचट्टी के अलावा झारखंड के बोकारो, धनबाद, डुमरी और हंटरगंज थानों में दर्ज मामलों का विवरण दिया गया है। इससे पहले अगस्त 2026 में भी जमीन कब्जे और मारपीट के आरोप में भगत यादव की गिरफ्तारी की खबर सामने आई थी।