गढ़वा
गढ़वा जिले में रहने वाले संदीप कुमार इन दिनों सर्प मित्र के रूप में अपनी पहचान बना रहे हैं। रमना प्रखंड के निवासी संदीप पेशे से व्यवसायी हैं, लेकिन उनका जुनून सांपों का रेस्क्यू कर उन्हें सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाना है। बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के कई जिलों से उन्हें सांप पकड़ने के लिए फोन आते हैं। अब तक वह एक हजार से अधिक सांपों का रेस्क्यू कर चुके हैं, जिनमें करीब 800 कोबरा शामिल हैं।

किताबों और यूट्यूब के जरिए जानकारी
संदीप बताते हैं कि सांपों को बचाने का यह शौक उन्हें किताबों और यूट्यूब के जरिए जानकारी हासिल करने से मिला। जैसे ही किसी घर या इलाके में सांप निकलने की सूचना मिलती है, वह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच जाते हैं और सांप को सुरक्षित पकड़कर जंगल या उचित स्थान पर छोड़ देते हैं। उन्होंने अधिकारियों के आवास से लेकर आम लोगों के घरों तक पहुंचकर कई लोगों की जान बचाई है। रेस्क्यू के दौरान वह ग्लव्स और विशेष उपकरणों का इस्तेमाल करते हैं, ताकि सांप और इंसान दोनों सुरक्षित रहें।

वाइपर समेत कई जहरीले सांपों का भी रेस्क्यू
संदीप के मुताबिक, उन्हें रोजाना सांप मिलने से जुड़ी करीब 30 से 40 कॉल आती हैं। अब तक वह रसेल वाइपर समेत कई जहरीले सांपों का भी रेस्क्यू कर चुके हैं। उनके सहयोगी विकास का कहना है कि संदीप के साथ इस मुहिम में काम करना काफी अच्छा अनुभव है। संदीप की यह पहल सांपों के संरक्षण के साथ-साथ लोगों में जागरूकता फैलाने का भी काम कर रही है।