logo

बिहार में गंडक का कहर! चंपारण तटबंध टूटा, 4 जिलों में बाढ़ का खतरा; बगहा में SP ऑफिस तक डूबा

बिहार में गंडक का कहर! चंपारण तटबंध टूटा, 4 जिलों में बाढ़ का खतरा; बगहा में SP ऑफिस तक डूबा

द फॉलोअप डेस्क:

Bihar Flood Alert: उत्तर बिहार (Bihar) में गंडक नदी (Gandak River) का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ के हालात गंभीर हो गए हैं। पश्चिम चंपारण (West Champaran) के बगहा में सोमवार देर रात खैरटवा के पास चंपारण (Champaran) तटबंध टूट गया, जिसके बाद आसपास के निचले इलाकों में पानी फैलने लगा। इससे छह पंचायतों के कई गांवों में अफरातफरी मच गई और लोग रात में ही जरूरी सामान लेकर सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे। स्थानीय लोगों के अनुसार, तटबंध में करीब 150 फीट की टूटान हुई है, जबकि जल संसाधन विभाग ने खैरटवा गांव में तटबंध के चार किलोमीटर बिंदु पर करीब 10 मीटर लंबाई में माइनर ब्रीच होने की जानकारी दी है। विभाग के मुताबिक, पानी खेतों में फैल रहा है और आगे चंपारण (Champaran) तटबंध के 9.50 किलोमीटर बिंदु पर दोबारा गंडक नदी में मिल जाएगा। मंगलवार सुबह आठ बजे वाल्मीकिनगर गंडक बराज से 1,91,200 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने की जानकारी दी गई है। चखनी, राजावटिया, सिंगाड़ी पिपरिया, चंद्रपुर, रतवल और पतिलार पंचायत के कई गांव प्रभावित हैं। तटबंध टूटने से रतवल-चखनी मुख्य मार्ग पर आवागमन भी बाधित हो गया है।

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

बगहा में गंडक का कहर, 9 वार्डों में घुसा बाढ़ का पानी

बगहा के पास गंडक नदी का जलस्तर अब तक के उच्चतम फ्लड लेवल 90.90 मीटर से करीब 35 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है। जल संसाधन विभाग के अनुसार, नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण तटबंध पर दबाव बढ़ा था। विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर मरम्मत की तैयारी में जुटी है, जबकि पश्चिम चंपारण जिला प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। तटबंध टूटने से बगहा-1 प्रखंड के अगस्तिया, खैरटवा और चंद्रपुर के निचले इलाकों में पानी फैलने की आशंका है। हालांकि, विभाग के मुताबिक, राष्ट्रीय राजमार्ग-727 पर बड़े पैमाने पर असर की संभावना नहीं है। इस बीच गंडक का पानी बगहा शहर के नौ वार्डों में भी प्रवेश कर गया है। सोमवार को बगहा एसपी कार्यालय, पुलिस लाइन और किसान भवन में पानी भर गया। बगहा-बेतिया और बगहा-वाल्मीकिनगर सड़क पर जलजमाव से आवागमन प्रभावित है। कई जगहों पर लोग नाव के सहारे आवाजाही कर रहे हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से राहत और तटबंध की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। बताया जा रहा है कि पिछले साल भी इसी जगह तटबंध टूटा था, जिससे इलाके में भारी नुकसान हुआ था।

गंडक की बाढ़ से चार जिलों में बढ़ी परेशानी

गंडक नदी की बाढ़ से पूर्वी चंपारण, गोपालगंज और सारण के कई इलाकों में भी परेशानी बढ़ी है। पूर्वी चंपारण के संग्रामपुर और अरेराज के गांवों में पानी भरने, गोपालगंज के सदर प्रखंड के चार गांवों की सड़कों के डूबने और दियारा क्षेत्र के स्कूलों के पानी से घिरने की खबर है। सारण में करीब 50 एकड़ में लगी धान की फसल को नुकसान पहुंचने की जानकारी है। इस तरह गंडक की बाढ़ से पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज और सारण में जनजीवन प्रभावित हुआ है। पश्चिम चंपारण में तटबंध टूटने के बाद स्थिति और गंभीर हो गई है। प्रशासन और जल संसाधन विभाग की टीमें प्रभावित इलाकों में निगरानी कर रही हैं। लोगों को निचले इलाकों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी जा रही है।

यह भी पढें: अवधेश नारायण सिंह ने दिया इस्तीफा, कौन संभालेगा बिहार विधान परिषद के सभापति की कुर्सी?

Tags - Jharkhand Latest News Jharkhand News Update Gandak River Flood Bihar Flood News West Champaran Flood East Champaran Flood