द फॉलोअप डेस्क:
2,430.76 करोड़ रुपये से उत्तरी कोयल जलाशय परियोजना के अंतर्गत मंडल डैम का निर्माण कार्य पूरा होगा। मंडल डैम के बन जाने से झारखंड और बिहार के 4 जिलों के 42,301 हेक्टेयर इलाके में सिंचाई की अतिरिक्त सुविधा मिल सकेगी। गौरतलब है कि बांध का निर्माण वर्ष 1972 में ही शुरू हुआ था लेकिन बेतला नेशनल पार्क और पलामू टाइगर रिजर्व को खतरे की आशंका से निर्माण कार्य रोक दिया गया था।
प्रमुख अंतर्राज्यीय परियोजना है मंडल डैम
गौरतलब है कि उत्तरी कोयल जलाशय परियोजना अथवा मंडल डैम परियोजना एक प्रमुख अंतर्रराज्यीय सिंचाई परियोजना है। 1972 में संयुक्त बिहार सरकार ने इसका निर्माण शुरू कराया था लेकिन 1993 में बिहार के वन विभाग ने इसका निर्माण कार्य बंद करा दिया क्योंकि 2 प्रमुख जैविक उद्यानों को बांध में जमा पानी से खतरा हो सकता था।
आर्थिक मामलों की कैबिनेट कमिटी ने दिया फंड
अब पीएम मोदी की अध्यक्षता वाली आर्थिक मामलों की कैबिनेट कमिटी ने परियोजना को पूरा करने के लिए 2,430.76 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। इससे झारखंड और बिहार के 4 जिलों में पर्याप्त सिंचाई होगी। तकनीकी समस्याएं दूर कर ली गई हैं।