द फॉलोअप डेस्क
पटना के फुलवारी शरीफ में सोमवार देर रात पबजी खलते समय हुए विवाद में 14 वर्षीय किशोर की उसके दोस्त ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोग आक्रोशित हो गए। मृतक की पहचान अफरोज के रूप में हुई है। वह मौला बाग निवासी फिरोज बावर्ची का बेटा था।
मिली जानकारी के अनुसार, अफरोज अपने दोस्त छोटू के साथ कर्बला बगीचे में बैठकर मोबाइल पर पबजी खेल रहा था। इसी दौरान किसी बात पर दोनों में बहस हो गई। गुस्से में आकर छोटू ने अपनी कमर से कट्टा निकाला और अफरोज को गोली मार दी। गोली लगते ही अफरोज गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उसे तुरंत एम्स पटना ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अफरोज की मौत की खबर मिलते ही इलाके के लोग भड़क गए और पुलिस का विरोध करने लगे। किसी तरह स्थिति को काबू में किया गया।
घटना के बाद आरोपी छोटू मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल से गोली का खोखा और एक चप्पल बरामद की है। डीएसपी सुशील कुमार ने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, कर्बला बगीचा अपराधियों का गढ़ बन चुका है। यहां आए दिन अपराध की घटनाएं होती रहती हैं। पुलिस ने कई बार छापेमारी की, लेकिन अपराधियों पर लगाम नहीं लग पाई। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी को जल्द पकड़ने का दावा कर रही है।