logo

दिल्ली से पटना जाना अब हुआ आसान, सिर्फ पौने 5 घंटे में! रेल मंत्री ने बिहार को दिया बड़ा तोहफा 

रेल4.jpg

पटना/बिहार
बिहार में रेलवे विकास को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बड़ा ऐलान किया है। छपरा में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि अगले पांच से आठ वर्षों में बिहार की रेल कनेक्टिविटी पूरी तरह बदल जाएगी। राज्य को करीब 200 नई ट्रेनों की सौगात मिलेगी, वहीं प्रस्तावित बुलेट ट्रेन कॉरिडोर के पूरा होने के बाद दिल्ली से पटना का सफर महज 4 घंटे 45 मिनट में पूरा किया जा सकेगा।

दिल्ली-लखनऊ-वाराणसी-पटना-सिलीगुड़ी हाई स्पीड
रेल मंत्री ने बताया कि दिल्ली-लखनऊ-वाराणसी-पटना-सिलीगुड़ी हाई स्पीड रेल कॉरिडोर देश की सबसे बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में शामिल होगा। उन्होंने कहा कि बिहार का रेलवे बजट पहले करीब एक हजार करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर दस हजार करोड़ रुपये हो गया है। वर्तमान में राज्य से 11 अमृत भारत ट्रेनें और 14 वंदे भारत एक्सप्रेस संचालित हो रही हैं। इस दौरान उन्होंने छपरा-दिल्ली आनंद विहार एक्सप्रेस, मऊ-दिल्ली आनंद विहार एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई और दोहरीघाट-औड़िहार ट्रेन सेवा का विस्तार वाराणसी सिटी तक करने की घोषणा की।

राज्य के 38 में से 36 जिले रेलवे नेटवर्क से जुड़े 
कार्यक्रम में मौजूद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य के 38 में से 36 जिले रेलवे नेटवर्क से जुड़ चुके हैं। सरकार का दावा है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद बिहार में निवेश, उद्योग, व्यापार और रोजगार को नई गति मिलेगी तथा राज्य देश के सबसे बेहतर रेल संपर्क वाले राज्यों में शामिल हो जाएगा।

Tags - delhi to patna travel time bihar rail development