logo

जातीय जनगणना की रिपोर्ट को लेकर सीएम नीतीश आज करेंगे बैठक, 9 दलों के नेता होंगे शामिल 

nitish_kumar16.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बिहार सरकार की ओर से सोमवार को जातीय जनगणना की रिपोर्ट जारी की गई है। जिसके बाद सियायत तेज हो गई है। अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सियासी दलों की ओर से आ रही है। कोई इसका स्वागत कर रहा है तो कोई इसकी खामियां गिनवा रहा है। इसी बीच सीएम नीतीश कुमार ने आंकड़ों पर चर्चा के लिए सभी दलों की आज एक बैठक बुलाई है। बता दें कि मंगलवार को होनेवाली ऑल पार्टी मीटिंग में जातीय गणना के आंकड़ों पर चर्चा होगी। इस बैठक में बिहार के 9 दलों के नेता शामिल होंगे।


जातीय गणना से संबंधित आंकड़ों का प्रेजेंटेशन देंगे सीएम
सर्वदलीय बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सभी दलों के लोगों के सामने जातीय गणना से संबंधित आंकड़ों का प्रेजेंटेशन देंगे। जातीय गणना की रिपोर्ट जारी होने के बाद नीतीश कुमार ने सोमवार को कहा था कि राज्य सरकार ने जातीय गणना की रिपोर्ट जारी कर दी है लेकिन आगे क्या कदम उठाया जायेगा, इस पर अभी कुछ नहीं बोलेंगे। मंगलवार को बिहार के सारे राजनीतिक दलों की बैठक बुलायी गयी है। उस बैठक में राज्य सरकार के अधिकारी जातीय जनगणना पर प्रेजेंटेशन देंगे। उसके बाद आगे का फैसला लिया जायेगा। सीएम ने कहा कि उस बैठक में एक-एक चीजों का प्रजेंटेशन दिया जायेगा। सबकी राय लेकर आगे कदम उठायेंगे। जातीय गणना के साथ-साथ एक-एक परिवार की आर्थिक स्थिति की जानकारी ले ली गयी है, उसकी रिपोर्ट भी जारी होगी। अनुसूचित जाति के लोगों की संख्या बढ़ी है, उनको भी फायदा होगा। सबको लाभ मिले इसको लेकर कल की मीटिंग में एक-एक चीज को रखा जायेगा। 


बीजेपी भी बैठक में होगी शामिल
बता दें कि जातीय जनगणना के आंकड़ों पर चर्चा के लिए नीतीश कुमार द्वारा बुलाई बैठक में भाजपा भी शामिल होगी। बिहार विधानमंडल के नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि रिर्पोट का अध्ययन करेंगे। सरकार द्वारा आधी-अधूरी रिर्पोट जारी की गई है। बता दें कि भाजपा ने इस रिर्पोट को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N