logo

साहिबगंज में हाइवा-टोटो की भीषण टक्कर, 3 फल विक्रेताओं की मौत

साहिबगंज में हाइवा-टोटो की भीषण टक्कर, 3 फल विक्रेताओं की मौत

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
साहिबगंज जिले में बरहड़वा-बरहेट मुख्य मार्ग पर गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना रांगा थाना क्षेत्र के केशरो गांव के पास हुई, जहां तेज रफ्तार हाइवा और टोटो के बीच आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। टोटो में पांच लोग सवार थे, जो रांगा की साप्ताहिक हाट में फल-सब्जियां बेचकर बरहड़वा लौट रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टोटो बुरी तरह पिचककर हाइवा के अगले पहिए के नीचे फंस गया। उसमें सवार लोग भी वाहन के अंदर दब गए। मृतकों की पहचान मोगलपाड़ा निवासी साहिल शेख (18), कयूम खान (24) और धरमपुर निवासी किशोर साह (28) के रूप में हुई है।

बैकहो लोडर की मदद से निकाले गए फंसे लोग

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने राहत-बचाव कार्य शुरू करते हुए रांगा थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन टोटो हाइवा के नीचे बुरी तरह फंसा होने के कारण लोगों को निकालने में परेशानी हुई। इसके बाद बैकहो लोडर मंगवाकर हाइवा को हटाया गया और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। घायलों में मोगलपाड़ा निवासी सूरज खान (19) और अहिल खान (13) शामिल हैं। दोनों को बरहड़वा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. सरिता टुडू ने प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। हादसे में साहिल शेख और किशोर साह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी, जबकि कयूम खान ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

घटनास्थल पर कई थानों की पुलिस तैनात

दुर्घटना के बाद शवों को निकालने को लेकर भी स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस हाइवा में फंसे शवों को बाहर निकालना चाहती थी, लेकिन परिजनों ने इसकी अनुमति नहीं दी। मिली जानकारी के अनुसार, शव हाइवा में ही फंसे हुए थे और घटनास्थल पर कई थानों की पुलिस को भेजा गया। हादसे के कारण मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। एक साथ तीन लोगों की मौत से प्रभावित परिवारों में शोक का माहौल है। सभी मृतक और घायल फल-सब्जी बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।

Tags - Sahibganj Accident Jharkhand News Road Accident Barharwa News Ranga Police Station