logo

CM नीतीश कुमार ने अनुकंपा के आधार पर 5353 अभ्यर्थियों को परिचारी पदों पर दिया नियुक्ति पत्र

niyukti_patr.jpg

द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित 'संवाद' में अनुकंपा के आधार पर माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में 4835 विद्यालय लिपिक और 518 विद्यालय परिचारी के पदों पर चयनित कुल 5353 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सांकेतिक रूप से मणि कुमारी, अमित गौरव, दिव्या राज, किरण कुमारी गुप्ता और तूबा अशरफ को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा, "सभी नवनियुक्त कर्मियों को मेरी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं हैं। मुझे विश्वास है कि सभी नवनियुक्त कर्मी पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे।"
गौरतलब है कि वर्ष 2006 से शिक्षा विभाग के अंतर्गत मृत शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मियों के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर नियोजन इकाई के माध्यम से शिक्षक के पद पर नियुक्ति का प्रावधान किया गया था। मृत शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मियों के आश्रितों की योग्यता शिक्षक के पद के लिए उपयुक्त न होने के कारण वर्ष 2020 में विद्यालय लिपिक और विद्यालय परिचारी के पदों पर अनुकंपा के आधार पर नियोजन का प्रावधान किया गया था। अब राज्य सरकार ने अनुकंपा पर नियुक्ति के लिए विद्यालय लिपिक और विद्यालय परिचारी के पदों को राज्य कर्मी के श्रेणी में शामिल किया है, जिससे उनकी वेतन और सेवाशर्त बेहतर हो गए हैं।
आज राज्यभर में कुल 5353 आश्रितों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया, जिसमें 4835 विद्यालय लिपिक और 518 विद्यालय परिचारी शामिल हैं। पटना जिले में 212 विद्यालय लिपिक और 28 विद्यालय परिचारी की नियुक्ति की गई है। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ ने मुख्यमंत्री को पुस्तक भेंटकर स्वागत किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, शिक्षा मंत्री सुनील कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के निदेशक मयंक वरवड़े, शिक्षा विभाग के सचिव अजय यादव, शिक्षा विभाग के सचिव दिनेश कुमार, पटना प्रमंडल के आयुक्त डॉ. चंद्रशेखर सिंह, प्राथमिक शिक्षा की निदेशक साहिला, पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. सहित अन्य वरीय अधिकारी और नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले विद्यालय लिपिक एवं विद्यालय परिचारी उपस्थित थे।



 

Tags - Latest bihar news bihar news updates latest CM Nitish kumar news latest Nitish Kumar news Cm Nitish kumar news latest updates latest bihar news bihar updates latest Bihar news