logo

शिवहर में कलश यात्रा के दौरान हादसा, रथ का ब्रेक फेल होने महिला-बच्चों समेत 15 जख्मी

शिवहर में कलश यात्रा के दौरान हादसा, रथ का ब्रेक फेल होने महिला-बच्चों समेत 15 जख्मी

द फॉलोअप डेस्क:

Kalash Yatra Accident: शिवहर में शारदीय नवरात्र (Sharadiya Navratri) के पहले दिन कलश शोभा यात्रा (Shobha Yatra) के दौरान अचानक अफरातफरी मच गई। जलबोझी कर लौट रहे श्रद्धालुओं के बीच नवाब हाईस्कूल (Nawab High School ) के पास एक रथ का ब्रेक फेल हो गया। इसके बाद रथ ढलान पर अनियंत्रित होकर लुढ़कने लगा। उसकी चपेट में आने से महिला, पुरुष, किशोरी और बच्चों समेत 15 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें रेफर कर दिया।

ढलान पर ब्रेक फेल होने से हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, नवयुवक दुर्गा पूजा समिति, चिकनौटा की ओर से रविवार को गाजे-बाजे और रथ के साथ कलश शोभा यात्रा निकाली गई थी। यात्रा में सैकड़ों किशोरी, युवती, महिला, बच्चे और अन्य श्रद्धालु शामिल हुए थे। जलबोझी के बाद सभी श्रद्धालु वापस लौट रहे थे। इसी दौरान नवाब हाईस्कूल के पास चिकनौटा जाने वाली सड़क के ढलान पर रथ का ब्रेक फेल हो गया। ब्रेक फेल होने के कारण रथ अनियंत्रित होकर लुढ़कने लगा और उसकी चपेट में आने से कई श्रद्धालु घायल हो गए।

एक श्रद्धालु की हालत गंभीर, दोनों पैर टूटे

हादसे में रूपलाल महतो गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके दोनों पैर टूटने की जानकारी सामने आई है। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। वहीं, हादसे में कई महिलाओं के सिर में चोटें आईं, जबकि कुछ बच्चे भी घायल हुए हैं। अचानक हुए इस हादसे से शोभा यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के बीच अफरातफरी का माहौल बन गया।

घायलों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल

घायलों में अनिकेत कुमार (5), धीरज कुमार (9), हीरालाल कुमार (10), नीरज कुमार (10), रवि (8), रागिनी रवि (11) और रामपरी देवी रवि (44) समेत अन्य लोग शामिल हैं। हादसे में घायल सभी लोगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना ने धार्मिक आयोजन के दौरान सुरक्षा और रथ के ब्रेक जैसी जरूरी व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े किए हैं।

Tags - Chicknauta Kalash Shobha Yatra Accident Rath Brake Failure 15 Injured in Rath Accident Nawab High School Accident Sharadiya Navratri Accident