logo

छठ में घर जाना हुआ आसान, रेल्वे ने स्पेशल ट्रेनों का दिया विकल्प

छठ में घर जाना हुआ आसान, रेल्वे ने स्पेशल ट्रेनों का दिया विकल्प

द फॉलोअप डेस्क: 

बिहार का महापर्व छठ का त्योहार नजदीक है। लोग अपने-अपने घरों की ओर जाने की तैयारी में जुट गए हैं। 12 नवंबर की यात्रा के लिए 13 सितंबर को टिकट बुकिंग शुरू की गई। जब यात्रियों ने IRCTC के जरिए टिकट बुक करने की कोशिश की, तो ऐप पर ‘हाई सिस्टम लोड’, ‘एरर’ और ‘रिग्रेट’ जैसे संदेश दिखाई देने लगे। कई यात्रियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस समस्या को लेकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से जवाब मांगा। यात्रियों की परेशानी को देखते हुए रेलवे ने बिहार के लिए 8 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है।

रेल्वे ने निकाला यात्रियों कि समस्या का समाधान 

त्योहार के दौरान घर जाना कई यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बन जाता है, खासकर उन लोगों के लिए जो ट्रेन से सफर करते हैं। इस साल भी जब लोगों ने दिवाली और छठ के मौके पर अपने परिवार के पास जाने के लिए टिकट बुक करने की कोशिश की, तो उन्हें बुकिंग के दौरान ‘हाई सिस्टम लोड’, ‘एरर’ और ‘रिग्रेट’ जैसे संदेश देखने को मिले।

कई यात्रियों ने शिकायत की कि जब वे सुबह 8 बजे टिकट बुक करने बैठे, तभी से उन्हें IRCTC की वेबसाइट और ऐप पर बुकिंग करने में परेशानी का सामना करना पड़ा।

यात्रियों की समस्याओं के समाधान के लिए रेलवे ने दिल्ली, आनंद विहार, चंडीगढ़ और अन्य शहरों से बिहार के लिए कई स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। इससे त्योहार के दौरान घर जाने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

ये स्पेशल ट्रेनें चलेंगी

  • आनंद विहार–लौकहा बाजार (04014/04013):
  • 16 सितंबर से 29 नवंबर तक आगे जाने वाली ट्रेन और 17 सितंबर से 30 नवंबर तक वापसी ट्रेन रोजाना चलेगी।
  • आनंद विहार–पाटलिपुत्र (04096/04095):
  • 1 अक्टूबर से 29 नवंबर तक आनंद विहार से और 2 अक्टूबर से 30 नवंबर तक पाटलिपुत्र से रोजाना सेवा रहेगी।
  • आनंद विहार–मुजफ्फरपुर (04028/04027):
  • 13 अक्टूबर से 24 नवंबर तक आनंद विहार से मंगलवार और शुक्रवार को ट्रेन चलेगी। वापसी में यह ट्रेन बुधवार और शनिवार को चलेगी।
  • दिल्ली–सीतामढ़ी (04010/04009):
  • दिल्ली से 15 अक्टूबर से 19 नवंबर तक और सीतामढ़ी से 17 अक्टूबर से 21 नवंबर तक साप्ताहिक सेवा चलेगी।
  • चंडीगढ़–पटना (04512/04511):
  • 1 अक्टूबर से 26 नवंबर तक चंडीगढ़ से हर गुरुवार और 2 अक्टूबर से 27 नवंबर तक पटना से हर शुक्रवार ट्रेन चलेगी।
  • फिरोजपुर कैंट–पटना (04616/04615):
  • 6 अक्टूबर से 24 नवंबर तक ट्रेन चलेगी। वापसी में 7 अक्टूबर से 25 नवंबर तक सेवा रहेगी।

टिकट बुकिंग से पहले इन बातों का रखें ध्यान

बुकिंग शुरू होने से पहले IRCTC में लॉग-इन जरूर कर लें। अपनी यात्रा की तारीख, जिस ट्रेन से जाना है उसका नाम और ट्रेन नंबर पहले से निकालकर रखें। अगर जनरल कोटे में सीट नहीं मिलती है, तो रेलवे की ओर से चलाई जा रही स्पेशल ट्रेनों में सीट की उपलब्धता जरूर चेक करें।

अलग-अलग ट्रेनों में सीट की उपलब्धता समय-समय पर चेक करते रहें और अपनी यात्रा के लिए बेहतर विकल्प का चयन करते हुए टिकट बुक करें।


यह भी पढ़ें: बिहार में 3 महीने में 1.17 लाख से ज्यादा सरकारी नौकरियां! शिक्षक, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग में बड़ी भर्ती

Tags - Chhath Puja Special Train Chhath Special Train 2026 Bihar Special Train IRCTC Ticket Booking IRCTC High System Load