द फॉलोअप डेस्क:
बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए आने वाले महीने काफी अहम रहने वाले हैं। अगले तीन महीने में राज्य के अलग-अलग विभागों में 1 लाख 17 हजार 308 से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ने की तैयारी है। इनमें स्कूल शिक्षक, असिस्टेंट प्रोफेसर, लाइब्रेरियन, पुलिस, स्वास्थ्य, ऊर्जा, कृषि और आंगनबाड़ी विभाग की नौकरियां शामिल हैं। हालांकि, इनमें कुछ भर्तियां अभी प्रस्तावित स्तर पर हैं और उनकी आधिकारिक अधिसूचना जारी होना बाकी है। बिहार में प्रस्तावित भर्तियों में शिक्षा क्षेत्र से जुड़े पदों की संख्या काफी ज्यादा है। टीआरई-4 में 33,385 शिक्षक पद, करीब 9,532 असिस्टेंट प्रोफेसर और लगभग 5,800 लाइब्रेरियन पदों पर भर्ती की तैयारी है. इसके अलावा आंगनबाड़ी में सेविका और सहायिका के करीब 22,891 पदों पर भी नियुक्ति की उम्मीद है।

9,532 पदों पर असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती की तैयारी
बिहार के विश्वविद्यालयों में स्थायी असिस्टेंट प्रोफेसर की नियुक्ति का इंतजार कर रहे NET और PhD योग्य अभ्यर्थियों के लिए यह बड़ी खबर है। बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग और शिक्षा विभाग ने करीब 9,532 पदों पर नियुक्ति का प्रारूप तैयार किया है। इनमें राज्य के पारंपरिक विश्वविद्यालयों की रिक्तियों के साथ नये स्थापित 211 डिग्री कॉलेजों के 2,532 पद भी शामिल बताए जा रहे हैं। फिलहाल विश्वविद्यालयों से रोस्टर क्लीयरेंस के आधार पर रिक्त पदों का ब्योरा मांगा गया है।
.jpeg)
लाइब्रेरियन के करीब 5,800 पद
स्कूलों में लाइब्रेरियन बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए भी भर्ती का रास्ता खुलने वाला है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से विद्यालय लाइब्रेरियन पात्रता परीक्षा-2026 आयोजित की जाएगी। इसके माध्यम से करीब 5,800 लाइब्रेरियन पदों पर नियुक्ति की उम्मीद है। पात्रता परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन 1 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक लिए जाने हैं. वहीं परीक्षा 19 नवंबर से 10 दिसंबर के बीच प्रस्तावित है।

टीआरई-4 में 33,385 शिक्षकों की भर्ती
बिहार में शिक्षक भर्ती को लेकर भी बड़ी प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। बीपीएससी की शिक्षक भर्ती परीक्षा टीआरई-4 के तहत कुल 33,385 पदों पर भर्ती की जाएगी। शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह आने वाले महीनों की सबसे बड़ी भर्तियों में से एक होगी। स्वास्थ्य विभाग में भी करीब 32,700 पदों पर अलग-अलग स्तर की नियुक्ति प्रक्रियाएं प्रस्तावित हैं। इससे मेडिकल और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े विभिन्न पदों के लिए सरकारी नौकरी के अवसर बढ़ने की उम्मीद है। बिहार में सिर्फ शिक्षा और स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि दूसरे विभागों में भी बड़ी संख्या में रिक्त पदों पर भर्ती की तैयारी है।
पुलिस विभाग: सिपाही, दरोगा और चालक सिपाही समेत कई पदों पर भर्ती की तैयारी।
ऊर्जा विभाग: तकनीकी और गैर-तकनीकी पदों पर करीब 7,500 रिक्तियां आने की संभावना।
कृषि विभाग: कृषि सेवा से जुड़े करीब 5,500 पदों पर नियुक्ति की तैयारी।
आंगनबाड़ी: सेविका और सहायिका के करीब 22,891 पदों पर भर्ती की उम्मीद।
कुल मिलाकर बिहार में अगले तीन महीने सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए काफी महत्वपूर्ण हो सकते हैं. हालांकि, अभ्यर्थियों को आवेदन और परीक्षा से जुड़ी अंतिम जानकारी के लिए संबंधित विभाग की आधिकारिक अधिसूचना का इंतजार करना होगा, क्योंकि कुछ भर्तियां अभी प्रस्तावित चरण में हैं।