logo

सरस्वती पूजा के चंदे को लेकर बिहार यूनिवर्सिटी में बवाल, मारपीट के साथ पत्थरबाजी भी हुई

मारपीट.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (बिहार यूनिवर्सिटी) में सोमवार को सरस्वती पूजा के चंदे को लेकर बड़ा बवाल हुआ। असामाजिक तत्वों ने विश्वविद्यालय के सोशल साइंस विभाग परिसर में जमकर तोड़फोड़ की। इसके चलते विभाग के शीशे टूट गए और कई गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा। छात्रों के बीच मारपीट और पत्थरबाजी हुई, जिससे परिसर में भगदड़ मच गई। इस घटना में एक छात्र घायल हो गया।
घायल छात्र की पहचान राजू के रूप में हुई है, जिसे गंभीर चोटें आईं। उसे अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। पुलिस को सूचना मिलने के बाद वह मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे छात्रों को खदेड़ दिया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि विश्वविद्यालय परिसर में पत्थरबाजी बाहरी छात्रों ने की थी। कुछ देर के लिए विश्वविद्यालय परिसर रणक्षेत्र सा बन गया और सोशल साइंस विभाग में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

इस मामले पर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरी घटना की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में तनाव बना हुआ है, लेकिन पुलिस की तैनाती के बाद स्थिति नियंत्रण में है।
 

Tags - BIHARBIHARNEWSBIHARPOSTSRASWTIPUJACRIMENEWSCRIMEPOST