द फॉलोअप डेस्क
विधानसभा मार्च के दौरान हुए पुलिस लाठीचार्ज के खिलाफ आज बिहार बीजेपी नेता महाधरना करेंगे। इसके लिए सभी जिला मुख्यालयों में बीजेपी आज धरना प्रदर्शन करेगी। इसमें बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी समेत सभी बीजेपी नेता पहुंचेगे। इस धरने को लेकर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हमारे साथी की शहादत बेकार नहीं जाएगी। सरकार की बर्बरतापूर्ण कार्रवाई के खिलाफ हमारी लड़ाई और पुरजोर तरीके से जारी रहेगी। बता दें कि इसी कड़ी में बीजेपी ने शुक्रवार को काला दिवस मनाया था। आज भाजपा पार्टी दफ्तर में सुबह 10 से 2 बजे तक धरना देगी।

डीएम व एसएसपी के खिलाफ नोटिस
इधर, भाजपा ने पटना के डीएम व एसएसपी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया है। विपक्ष के नेता विजय कुमार सिन्हा की ओर से विधानसभा को दिये गये इस नोटिस में 34 अन्य भाजपा विधायकों के भी हस्ताक्षर हैं। विधानसभा सचिव को सौंपे अपने पत्र में उन्होंने अधिकारियों पर विशेषाधिकार हनन की अवमाननावाद चलाने की मांग की है।

चार सदस्यीय टीम करेंगी मामले की जांच
राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इस लाठीचार्ज की निंदा की है। इस संबंध में नड्डा ने एक उच्च स्तरीय जांच कमेटी का गठन किया है। जो इस मामले की जांच करेंगे। यह जांच कमेटी घटना की रिपोर्ट राष्ट्रीय अध्यक्ष को जल्द सौंपेगी। इस जांच टीम की झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास संयोजनक बनाया गया है। उनके साथ सांसद मनोज तिवारी, विष्णु दयाल शर्मा और सुनीता दुग्गल को कमेटी में सदस्य बनाया गया है। कमेटी आज क्षेत्र का दौरा कर मामले की जांच करेगी।

बबर्रता से बरसाई थी लाठियां
जानकारी हो कि पटना में 13 जुलाई को भारतीय जनता पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ विधानसभा मार्च किया था। इस दौरान पुलिस प्रशासन ने बबर्रता से उनपर लाठियां बरसाई थी। पुलिस लाठीचार्ज से भाजपा कार्यकर्ता विजय सिंह की मौत हो गई।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N