logo

बिहार में चक्रवात अर्नब का कहर, 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

बिहार में चक्रवात अर्नब का कहर, 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

द फॉलोअप डेस्क:

बिहार (Bihar) में चक्रवात अर्नब (Cyclone Arnab) के प्रभाव से बारिश का दौर जारी है। राजधानी पटना (Patna) में सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे, जबकि दोपहर होते-होते कई इलाकों में मूसलाधार बारिश (Heavy Rain) शुरू हो गई। गोपालगंज, बेतिया, बगहा, अररिया और रक्सौल समेत कई जगहों पर भी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान राज्य के 13 जिलों में भारी बारिश, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी दी है। लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

अगले कुछ दिनों में बदलेगा मौसम का मिजाज

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, 1 नवंबर को भी राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई थी। ऐसे में बिहार के सभी जिलों में एक साथ मौसम साफ होने के आसार नहीं हैं। हालांकि, चक्रवात का प्रभाव धीरे-धीरे कमजोर पड़ने की उम्मीद है। पिछले तीन दिनों से हो रही बारिश के बाद अब मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। पिछले 24 घंटे के दौरान पटना समेत 10 जिलों में रुक-रुककर बारिश हुई। लगातार बारिश के कारण दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया है।

फसलों को नुकसान, बाजारों में कारोबार प्रभावित

बेमौसम बारिश का असर खेती और कारोबार पर भी पड़ रहा है। पटना में शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 8.3 डिग्री सेल्सियस कम होकर 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, शहर में सुबह तक 32 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। लगातार बारिश से धान, गन्ना, आलू और सब्जियों की फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। दूसरी ओर, त्योहारों के सीजन में बारिश के कारण बाजारों में भी रौनक कम हो गई है। ग्राहकों की आवाजाही घटने से कारोबारियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। ऐसे में मौसम की मार से आम लोगों के साथ किसानों और व्यापारियों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं।

Tags - Bihar Weather Update Cyclone Arnab Bihar Rain Alert Patna Heavy Rain Bihar Weather News Today