logo

Bihar Weather : 3 दिन तक बारिश के आसार, इन जिलों में वज्रपात का अलर्ट

3 दिन तक बारिश के आसार, इन जिलों में वज्रपात का अलर्ट

द फॉलोअप डेस्क:

Bihar Weather: बिहार (Bihar) में चक्रवाती तूफान 'अकवान' (Akwaan) का प्रभाव दिखने लगा है। शुक्रवार सुबह पटना समेत राज्य के कई इलाकों में आसमान में बादल छाए नजर आए। मौसम (Weather) में इस बदलाव के बीच मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में बारिश और वज्रपात की आशंका जताई है। विभाग के अनुसार, चक्रवात के प्रभाव से अगले कुछ दिनों तक बिहार के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला रह सकता है।

आज इन 13 जिलों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, शुक्रवार को बिहार के 13 जिलों में मौसम खराब रह सकता है। इनमें पटना, नालंदा, जहानाबाद, अरवल, गया, शेखपुरा, लखीसराय, औरंगाबाद, जमुई, नवादा, बांका, भागलपुर और मुंगेर शामिल हैं। इन जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही आकाशीय बिजली गिरने को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है। ऐसे में मौसम में होने वाले बदलाव को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

21 और 22 नवंबर को भी बदलेगा मौसम

चक्रवात 'अकवान' का असर 21 और 22 नवंबर को भी बिहार के कई जिलों में देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, बांका और जमुई में हल्की बारिश होने का अनुमान है। वहीं, भागलपुर और कटिहार में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। यानी अगले दो दिनों तक राज्य के पूर्वी और सीमावर्ती इलाकों में मौसम का असर अधिक देखने को मिल सकता है।

पुरवा हवा से बढ़ेगी नमी, बारिश के आसार

मौसम में इस बदलाव की वजह बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान 'अकवान' है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, शुक्रवार को तूफान के ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तट के आसपास पहुंचने की संभावना है। समुद्र में इसकी रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान जताया गया है। चक्रवात के प्रभाव से बिहार में पुरवा हवा चल सकती है। इससे वातावरण में नमी बढ़ने और राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश होने की संभावना है।

पटना में बादलों की आवाजाही के आसार

राजधानी पटना में भी चक्रवात का प्रभाव देखने को मिल सकता है। सुबह के समय कुहासा और आसमान में हल्के बादल छाए रहने का अनुमान है। हालांकि, इसके बाद आसमान साफ होने और धूप निकलने की भी संभावना है। अगले दो दिनों तक बादलों की आवाजाही जारी रह सकती है। वहीं, तापमान में हल्की गिरावट आने का अनुमान है। खासकर सुबह और शाम के समय लोगों को अधिक ठंड महसूस हो सकती है।


 

Tags - Bihar News Bihar Latest News Bihar Weather Update Cyclone Akwaan Cyclone Akwaan in Bihar