Bihar Pension Scheme:
बिहार के लाखों पेंशनधारियों के लिए खुशखबरी है। सम्राट सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 97.84 लाख से अधिक लाभार्थियों को बैंक खातों में पैसे भेजने शुरु कर दिए हैं। राज्य के बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं के बैंक खातों में 1100-1100 रुपये की पेंशन राशि ट्रांसफर की गई है। प्रत्येक महीने के 10 तारीख तक पैसे भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

अब हर महीने 10 तारीख तक मिलेगी पेंशन
राज्य सरकार ने पेंशन भुगतान की व्यवस्था में बदलाव किया है। अब सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना की राशि हर महीने की 10 तारीख तक लाभार्थियों के खाते में पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार का कहना है कि समय पर राशि मिलने से बुजुर्गों, दिव्यांगों और विधवा महिलाओं को अपनी जरूरतें पूरी करने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले सामाजिक सुरक्षा पेंशन के तहत लाभार्थियों को 400 रुपये प्रति माह दिए जाते थे, जिसे बढ़ाकर अब 1100 रुपये कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार जरूरतमंद वर्गों को मजबूत करने और उन्हें समय पर सहायता उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।

वंचित लोगों को भी योजना से जोड़ने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा है कि जो लोग अभी तक इस योजना का लाभ नहीं ले पाए हैं, उन्हें भी जल्द जोड़ा जाएगा। इसे लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि पंचायत स्तर पर जानकारी जुटाकर ऐसे लोगों की पहचान की जाए। सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी बुजुर्ग, दिव्यांग या विधवा महिला सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।