द फॉलोअप,बिहार
बिहार में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है, जिसके कारण राज्य में अब तक सामान्य से 52 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई। शनिवार को राजधानी पटना समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में कम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग की माने तो अगले 48 घंटे तक तापमान में बढ़ोतरी होगी, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से परेशानी हो सकती है।

मानसून एक्टिव होते ही फिर से पकड़ेगी रफ्तार
हालांकि इसके बाद मानसून फिर से एक्टिव होगी, जिससे राज्य के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। इसे देखते मौसम विभाग ने आज राज्य के 18 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस इलाकों में तेज हवा के साथ बाऱिश होगी। वज्रपात की भी संभावना है। मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

अगले 48 घंटे में बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दो दिनों में अधिकतम तापमान 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी देखने को मिलेगी उसके बाद बारिश शुरु होते ही तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग के मुताबिक, इस साल अभी तक बिहार में केवल 98.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है। सामान्य तौर पर 207.3 मिमी बारिश होनी चाहिए थी।