logo

बिहार के 6 जिलों में हीट वेव का अलर्ट, 3 डिग्री तक पारा बढ़ने की संभावना

सोहेोस7.jpg

द फॉलोअप,बिहार

बिहार में भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग ने गुरुवार को राज्य के 6 जिलों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी दिशा से चल रही गर्म हवाओं के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रहा है। विभाग ने लोगों से दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच लोगों को घर से बाहर न निकलने की अपील की है।

इन जिलों में मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, अरवल और औरंगाबाद में हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। हालांकि कोसी और सीमांचल क्षेत्र के लोगों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने इन इलाकों के कुछ जिलों में तेज आंधी, बादल गरजने और बिजली गिरने की संभावना जताई है। विभाग के मुताबिक इन क्षेत्रों में अगले तीन से चार दिनों तक तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। 

अगले तीन दिनों में और चढ़ेगा पारा
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले दो से तीन दिनों के दौरान बिहार के कई जिलों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। वहीं बीते बुधवार को राज्य का सबसे अधिकतम तापमान बक्सर जिले में 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा भभुआ में 40.4, डेहरी और वाल्मीकिनगर में 40.2, पटना में 39.2, गया में 38.6, दरभंगा में 38.3, सुपौल में 38.8 और मोतिहारी में 39.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

Tags - Bihar heat wave alert Bihar weather update Heat wave in Bihar Bihar temperature rise