नवादा/बिहार
बिहार में नवादा समेत कई जिलों में सिपाही भर्ती और होमगार्ड अधिनायक लिपिक बहाली परीक्षा में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी, पेपरलीक होने का मामला सामने आया है। नवादा में इन दोनों परीक्षाओं में गड़बड़ी मामलों में कथित रुप से सक्रिय होने पर बायोमेट्रिकी कर्मियों, जैमर ऑपरेटर, शिक्षकों, वीक्षकों और परीक्षार्थियों समेत कई लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
.jpg)
द दीक्षा पब्लिक स्कूल केंद्र पर आरोप
दरअसल 10 जून को पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा गृह रक्षा वाहिनी में अधिनायक लिपिक भर्ती परीक्षा आयोजित कराई गई थी। पेपरलीक और प्रश्नपत्र की गोपनीयता भंग करने में नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें केंद्राधीक्षक गणेश पासवान, शिक्षक अजय कुमार और वीक्षक अनुष्का रानी को नामजद आरोपी बनाया गया है। प्राथमिकी के अनुसार, परीक्षा केंद्र द दीक्षा पब्लिक स्कूल में तैनात स्टैटिक दंडाधिकारी सह प्रेक्षक ईश्वर प्रसाद ने परीक्षा के दौरान कई संदिग्ध गतिविधियां देखीं। जांच में पता चला कि अजय कुमार बिना वैध पहचान पत्र के परीक्षा केंद्र में मौजूद था और खुद को केंद्राधीक्षक का सहयोगी बता रहा था।
.jpg)
CCTV फुटेज की जांच के बाद हुआ खुलासा
बाद में आयोग से प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर वायरल होने की सूचना मिलने पर CCTV फुटेज की जांच की गई। जिसमें एक कमरे से प्रश्न पुस्तिकाओं को करीब 10 मिनट के लिए बाहर ले जाते हुए देखा गया। आरोप है कि इसी दौरान प्रश्नपत्र की तस्वीरें खींचकर सोशल मीडिया पर लीक की गईं। मामले में अजय कुमार की भूमिका सबसे संदिग्ध मानी जा रही है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। नगर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर प्रश्नपत्र लीक कांड की परतें खोलने में जुटी है।