logo

बिहार कोचिंग विवाद में NHRC की एंट्री, पटना SSP से 2 हफ्ते में मांगी रिपोर्ट

NHRC1.jpg

पटना/बिहार

बिहार में कोचिंग विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी बीच ज्ञान बिंदु कोचिंग के संस्थापक रोशन आनंद और खान सर के बीच चल रहे कोचिंग विवाद मामले में अब NHRC की एंट्री हो गई है। एनएचआरसी की ओर से पटना एसएसपी को नोटिस दे दिया गया है। इसके साथ ही दो हफ्ते के अंदर जवाब भी मांगा गया है। 

मानवाधिकार संरक्षण अधिनियम, 1993 की धारा 12 के तहत मामले की जांच
मानवाधिकार कार्यकर्ता विशाल रंजन दफ्तुआर की शिकायत पर NHRC ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रोशन आनंद की गिरफ्तारी के मामले में संज्ञान लिया है। प्रियंक कानूनगो की अध्यक्षता वाली आयोग की खंडपीठ ने मानवाधिकार संरक्षण अधिनियम, 1993 की धारा 12 के तहत मामले की जांच का आदेश देते हुए पटना एसएसपी से दो सप्ताह के भीतर रिपोर्ट मांगी है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि रौशन आनंद को एक आपराधिक मामले में बिना पर्याप्त साक्ष्य के फंसाया गया और कदमकुआं थाना पुलिस ने मनमाने ढंग से गिरफ्तार किया। आयोग ने प्रथम दृष्टया इसे मानवाधिकार उल्लंघन का मामला माना है।

रोशन आनंद ने खान सर पर लगाए आरोप
दफ्तुआर ने अपने पत्र में दावा किया है कि उचित जांच और प्रत्यक्ष साक्ष्यों के अभाव के बावजूद रोशन आनंद पर हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराएं लगाई गईं। उन्होंने यह भी कहा कि रोशन आनंद किडनी की बीमारी से पीड़ित हैं। पुलिस एकपक्षीय कार्रवाई कर रही है, जो उनके मौलिक अधिकारों के खिलाफ है। वहीं, जेल से बाहर आने के बाद रोशन आनंद ने खान सर पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया कि खान सर ने ही उनके भाई प्रिंस यादव की हत्या कराई है। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें फंसाने और जेल में जान से मारने तक की कोशिश की गई। मीडिया से बातचीत के दौरान रोशन आनंद ने बताया कि उन्हें ब्लैकमेलिंग मैसेज भी आया था कि अगर मामले को मैनेज नहीं किया गया तो तुम्हारे भाई को मरावा देंगे। उनका आरोप है कि खान सर ने साजिश के तहत फायरिंग करवाया और मुझे फंसाया।

Tags - Bihar Coaching Dispute NHRC Notice Patna SSP Notice NHRC Bihar Case