द फॉलोअप डेस्क:
Chhath Puja Security: बिहार (Bihar) में छठ महापर्व (Chhath Puja) को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की तैयारियां तेज कर दी हैं। नहाय-खाय (Nhae- Khae) से लेकर सुबह के अर्घ्य तक घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। नदी और तालाबों में भीड़ को देखते हुए चार दिनों तक निजी नावों के परिचालन पर रोक रहेगी। वहीं, घाटों के आसपास पटाखों की बिक्री और इस्तेमाल पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। प्रशासन ने खतरनाक घाटों की पहचान कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल, प्रशिक्षित गोताखोर और बचाव दल तैनात करने की व्यवस्था की है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों पर बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेत और माइकिंग की व्यवस्था भी की जाएगी।

छठ घाटों पर 24 घंटे तैनात रहेगी पुलिस
छठ के दौरान उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को सतर्क रहने का निर्देश दिया है। घाटों के प्रवेश और निकास मार्गों पर निगरानी रखी जाएगी। यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए वैकल्पिक रास्ते, वाहन प्रतिबंध और पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। पटना एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ ड्यूटी करने का निर्देश दिया है। वहीं, क्विक रिस्पॉन्स टीम पूरे पर्व के दौरान 24 घंटे अलर्ट रहेगी। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए NDRF और SDRF की टीमें भी नाव, लाइफ जैकेट और प्रशिक्षित गोताखोरों के साथ घाटों पर तैनात रहेंगी। बिजली से जुड़ी दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ऊर्जा विभाग ने भी विशेष निगरानी की व्यवस्था की है। बिजली संबंधी शिकायत या आपात स्थिति में श्रद्धालु टोल फ्री नंबर 1912 पर संपर्क कर सकते हैं।

38 जिलों में लगेंगे 500 से अधिक मेडिकल कैंप
छठ महापर्व के दौरान स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए बिहार के सभी 38 जिलों में 500 से अधिक मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे। इन शिविरों में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती के साथ जरूरी दवाएं और एंबुलेंस उपलब्ध रहेंगी। आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला अस्पतालों में 15-15 और मेडिकल कॉलेज अस्पतालों में 35-35 बेड आरक्षित रखे गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की छुट्टियां 17 नवंबर तक रद्द कर दी हैं। वहीं, मेडिकल टीमों की निगरानी के लिए कंट्रोल एंड कमांड सेंटर भी सक्रिय रहेगा। श्रद्धालुओं की सहायता के लिए पुलिस मुख्यालय ने डीजीपी कंट्रोल रूम के तीन हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। किसी भी आपात स्थिति में **0612-2294318, 0612-2294319 और 0612-2294323** पर संपर्क किया जा सकता है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सुरक्षा नियमों का पालन करने और गहरे पानी में जाने से बचने की अपील की है।