logo

Bihar Cabinet Meeting : सम्राट कैबिनेट की बैठक आज, पटना पहुंचेंगे भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन

सम्राट कैबिनेट की बैठक आज, पटना पहुंचेंगे भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन

द फॉलोअप डेस्क:

Bihar Cabinet Meeting: बिहार (Bihar) में आज का दिन राजनीतिक और विकास के लिहाज से काफी अहम रहने वाला है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी (Samrat Choudhary) की अध्यक्षता में शाम 5 बजे कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक होगी। इस बैठक में राज्य के विकास और प्रशासन से जुड़े कई प्रस्तावों पर चर्चा होने के साथ उन्हें मंजूरी मिलने की उम्मीद है। ऐसे में सबकी नजर कैबिनेट के फैसलों पर टिकी है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद नितिन नवीन भी तीन दिवसीय बिहार दौरे पर पटना पहुंच रहे हैं। उनके दौरे को लेकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में भी हलचल तेज है।

गंगा घाटों का जायजा लेंगे नितिन नवीन 

पटना पहुंचने के बाद नितिन नवीन गंगा किनारे छठ घाटों पर चल रही तैयारियों का जायजा लेंगे। इसके लिए वह स्टीमर से नासरीगंज से गायघाट तक जाएंगे और घाटों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद भाजपा के संस्थापक सदस्य और पूर्व सांसद दिवंगत आरके सिन्हा को श्रद्धांजलि देने अन्नपूर्णा भवन पहुंचेंगे। बुधवार को चित्रगुप्त पूजा के अवसर पर शहर के अलग-अलग पूजा पंडालों में भी पूजा-अर्चना करेंगे। इस दौरान उनकी मुलाकात पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से होगी, जहां वह बिहार की मौजूदा राजनीतिक गतिविधियों और संगठन से जुड़े मुद्दों की जानकारी लेंगे। गुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे उनके दिल्ली रवाना होने का कार्यक्रम है। वहीं, देर शाम पटना लौटकर वह आरके सिन्हा के ब्रह्मभोज और प्रार्थना सभा में शामिल होंगे। संभावना जताई जा रही है कि वह छठ महापर्व तक बिहार में ही रह सकते हैं।

जनवरी में होगा ग्लोबल कन्वेंशन 

इधर, बिहार के विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से 12 और 13 जनवरी 2027 को पटना के अशोक कन्वेंशन सेंटर में 'ग्लोबल कन्वेंशन ऑन ट्रांसफॉर्मिंग बिहार 2027' का आयोजन किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्यक्रम में देश-विदेश के करीब 1500 लोग शामिल होंगे। इसमें बिहार के विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा होगी और विशेषज्ञों से सुझाव लिए जाएंगे। इस आयोजन में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए उपमुख्यमंत्री ने एक पोर्टल भी लॉन्च किया है। इसका आयोजन इंस्टीट्यूट फॉर ह्यूमन डेवलपमेंट, बिहार फाउंडेशन और नालंदा विश्वविद्यालय संयुक्त रूप से कर रहे हैं। विजय चौधरी ने कहा कि पहले बिहार के लोग यहां रहना नहीं चाहते थे, लेकिन अब दूसरे राज्यों से भी लोग बिहार आकर बस रहे हैं। उन्होंने राज्य के विकास की परिकल्पना का श्रेय नीतीश कुमार को देते हुए कहा कि मौजूदा सरकार उसी विकास की दिशा में आगे बढ़ रही है।
 

Tags - Bihar News Bihar Latest News Bihar Cabinet Meeting Samrat Choudhary Cabinet Meeting Bihar Cabinet Decisions 2026