द फॉलोअप डेस्क
पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के बीच सोमवार को तेज प्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) की प्रत्याशी वीणा मानवी को पुलिस ने नामांकन दाखिल करने के बाद गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि उनकी गिरफ्तारी के लिए सोमवार को वारंट जारी किया गया था। गिरफ्तारी के बाद तेज प्रताप यादव ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनकी पार्टी की प्रत्याशी को झूठे मामले में फंसाकर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की गई है। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए बेहद चिंताजनक बताते हुए कहा कि पार्टी वीणा मानवी के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और जरूरत पड़ने पर न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाएगी।

तेज प्रताप बोले- बिहार आकर सरकार का करेंगे घेराव
तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो जारी कर कहा कि वह फिलहाल दिल्ली में हैं, लेकिन जल्द ही बिहार पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि बिहार आने के बाद सरकार का घेराव किया जाएगा। उनका आरोप है कि बांकीपुर की जनता देख रही है कि किस तरह एक महिला प्रत्याशी के साथ अन्याय किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब किसी महिला के साथ अन्याय होता है तो कृष्ण का सुदर्शन चक्र चलता है और अब बिहार आने के बाद उनका भी "सुदर्शन चक्र" चलेगा।

'वीणा मानवी जीत रही थीं, इसलिए फंसाया गया'
तेज प्रताप यादव ने दावा किया कि वीणा मानवी का क्षेत्र में अच्छा प्रभाव है और वह चुनाव जीत रही थीं, इसलिए उन्हें जानबूझकर फंसाया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि पुलिस के पास वारंट था तो वीणा मानवी पिछले तीन दिनों से क्षेत्र में प्रचार कर रही थीं, उस दौरान कार्रवाई क्यों नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरी तरह सुनियोजित साजिश है और इसके पीछे कौन लोग हैं, इसकी जानकारी उन्हें है।

पटना पहुंचकर प्रेस कॉन्फ्रेंस में करेंगे खुलासा
तेज प्रताप यादव ने कहा कि पटना पहुंचने के बाद वह प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का पर्दाफाश करेंगे। उन्होंने दोहराया कि उनकी पार्टी न्यायपालिका पर पूरा भरोसा रखती है और कानूनी लड़ाई भी लड़ेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि बांकीपुर विधानसभा की जनता सत्य और न्याय के साथ खड़ी है तथा उन्हें विश्वास है कि अंततः सच्चाई की जीत होगी।