logo

बांकीपुर उपचुनाव : NDA प्रत्याशी अभिषेक कुमार सिन्हा ने दाखिल किया नामांकन

abhishek1.jpg


Bankipur by Re-Election:
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए एनडीए प्रत्याशी अभिषेक कुमार सिन्हा ने आज अपना नामांकन पर्चा दाखिल कर दिया है। नामांकन के लिए रवाना होने से पहले उन्होंने अपने माता-पिता का चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद वे महावीर मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर भगवान का आशीर्वाद लिया।

कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद
पूजा के बाद अभिषेक गांधी मैदान स्थित समाहरणालय पहुंचे और बांकीपुर विधानसभा सीट के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन कार्यक्रम के दौरान एनडीए के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस मौके पर सूबे के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, सांसद रविशंकर प्रसाद समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।नामांकन के बाद एनडीए प्रत्याशी ने चुनाव में जीत का भरोसा जताते हुए क्षेत्र के लोगों से समर्थन की अपील की है।

आज से ही जनसंपर्क अभियान शुरू
बीजेपी प्रत्याशी अभिषेक कुमार नामांकन के बाद आज से ही जनसंपर्क अभियान शुरू करेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार, वह लोगों के बीच जाकर वोट की अपील करेंगे और आशीर्वाद सभा को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही डाकबंगला से पटना जंक्शन तक पैदल यात्रा भी करेंगे। अभिषेक कुमार कायस्थ समाज से आते हैं। पिछले करीब 26 वर्षों से भारतीय जनता पार्टी और भारतीय जनता युवा मोर्चा से जुड़े हुए हैं। संगठन मंा बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक जिम्मेदारियां संभालने वाले अभिषेक की पहचान एक सक्रिय और जमीनी कार्यकर्ता के रूप में रही है। वह पाटलिपुत्र मंडल, कृष्णा मंडल, पटना महानगर युवा मोर्चा और बिहार प्रदेश युवा मोर्चा (भाजयुमो) में अहम जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। वर्तमान में वह भारतीय जनता युवा मोर्चा के बिहार प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। इससे पहले पटना महानगर युवा मोर्चा के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

Tags - Bankipur Assembly By Election Bankipur By Re-Election बांकीपुर उपचुनाव 2026NDA प्रत्याशी अभिषेक कुमार