ओबरा/औरंगाबाद
ओबरा प्रखंड के देवकली बिगहा में गुरुवार रात तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से एक बच्चे की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शुक्रवार सुबह देवकली मोड़ के पास औरंगाबाद-पटना मुख्य मार्ग एनएच-139 पर शव रखकर सड़क जाम कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण यातायात ठप रहा, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी जाम लग गई। इस दौरान यात्रियों और स्कूली बच्चों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

अस्पताल ले जाने के क्रम में हुई मौत
बच्चे की पहचान मनीष कुमार के रुप में हुई है, जिसकी उम्र 10 वर्ष बतायी जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार मनीष अपने साथी रोहित के साथ ओबरा बाजार से कॉपी-किताब खरीदकर लौट रहा था। रास्ते में दोनों एक सब्जी विक्रेता के ठेले पर के पास बैठे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार एक अज्ञात वाहन और एक कार असंतुलित होकर ठेले से टकरा गई। हादसे में मनीष, रोहित और सब्जी विक्रेता रामेश्वर साव गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तीनों घायलों को ओबरा अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टरों ने रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही मनीष की मौत हो गई। वहीं अन्य दो घायलों को वाराणसी ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है।

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही ओबरा थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को शांत कराया। उसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ग्रामीणों की मांग के मुतबिक, अधिकारियों ने सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा दिलाने का भरोशा दिलाया। साथ ही स्पीड ब्रेकर निर्माण कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी। आरोपी की तलाश जारी है।