औरंगाबाद/बिहार
औरंगाबाद जिले के अंबा थाना क्षेत्र में एक स्कूली वैन की 20 फीट नीचे गहरी खाई में गिरने का मामला सामने आया है। गाड़ी में करीब 20 बच्चे बैठे थे। हादसे के बाद सभी बच्चे सहित वैन चालक घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी को अस्पताल पहुंचाया, जहां सभी का इलाज जारी है।
.jpeg)
20 फीट नीचे सूखी नहर में गिरा वैन
जानकारी के मुताबिक, संत जेवियर स्कूल की वैन प्रतिदिन की तरह सभी बच्चों को स्कूल ले जा रही थी। गाड़ी में लगभग 20 बच्चे बैठे हुए थे। स्कूल जाने के क्रम में रास्ते में अचानक गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और पुल के रेलिंग से जा टकराया। इस दौरान चालक द्वारा गाड़ी को संभालने की कोशिश की गई, लेकिन गाड़ी अनियंत्रित होकर 20 फीट नीचे सूखी नहर में जा गिरा।

ग्रामीणों ने दिखाई तत्परता पहुंचाया अस्पताल
हादसे में सभी बच्चे सहित चालक की घायल होने की सूचना है। आसपास के ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बचाव कार्य शुरु किया और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही कुटुंबा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरु की। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही पूर्व सांसद सुशील सिंह भी अस्पताल पहुंचकर सभी घायल बच्चों और चालक का हाल जाना।