logo

बिहार में राशन कार्ड निर्माण में अररिया बना नंबर-1, 91.70% आवेदनों का हुआ निष्पादन

बिहार में राशन कार्ड निर्माण में अररिया बना नंबर-1, 91.70% आवेदनों का हुआ निष्पादन

द फॉलोअप डेस्क: 

Bihar Ration Card: बिहार (Bihar) में पात्र परिवारों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) से जोड़ने और नए राशन कार्ड (Ration Card) बनाने के विशेष अभियान में अररिया (Araria) जिले ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इस अभियान में अररिया पूरे राज्य में पहले स्थान पर रहा है। जिले में प्राप्त आवेदनों में से अब तक 91.70 प्रतिशत आवेदनों का निष्पादन करते हुए नए राशन कार्ड जारी किए जा चुके हैं। इसके अलावा राशन कार्ड निर्माण और ई-केवाईसी (e-KYC) के मामले में भी अररिया ने पूरे बिहार में शीर्ष स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि के अवसर पर समाहरणालय स्थित परमान सभागार में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की ओर से समारोह आयोजित किया गया, जिसमें नए राशन कार्डों का वितरण किया गया। राज्यस्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए डीएम विनोद दूहन, प्रशासनिक पदाधिकारी और लाभुक भी कार्यक्रम से जुड़े। इस दौरान डीएम ने 45 लाभुकों को नए राशन कार्ड सौंपे। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान से हुई, जबकि समापन बिहार गीत के साथ किया गया।

कोई भी पात्र परिवार खाद्यान्न सुरक्षा से न रहे वंचित

समारोह को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी विनोद दूहन ने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत सभी पात्र परिवारों को राशन कार्ड उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति खाद्यान्न सुरक्षा के लाभ से वंचित न रहे। इसी दिशा में जिले में विशेष अभियान चलाकर कैंप मोड में आवेदन प्राप्त करने, लाभुकों की ई-केवाईसी कराने और नए राशन कार्ड जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाई गई। डीएम ने इस अभियान में बेहतर प्रदर्शन के लिए संबंधित सभी पदाधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।

स्मार्ट पीडीएस पोर्टल से घर बैठे कर सकते हैं आवेदन

डीएम विनोद दूहन ने बताया कि अब नया राशन कार्ड बनवाने या पहले से बने राशन कार्ड में किसी सदस्य का नाम जुड़वाने के लिए लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। पात्र परिवार बिहार सरकार के स्मार्ट पीडीएस (Smart PDS) पोर्टल के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत पूरे बिहार में करीब 24 लाख नए राशन कार्ड बनाए गए हैं। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक गरीब और पात्र परिवारों को खाद्य सुरक्षा योजना से जोड़ना है। समारोह में अपर समाहर्ता (राजस्व) अनिल कुमार झा, अनुमंडल पदाधिकारी अररिया दीक्षित श्वेतम, अनुमंडल पदाधिकारी फारबिसगंज अभय कुमार तिवारी समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी और राशन कार्ड के लाभुक मौजूद रहे।
 

Tags - Bihar News Bihar Latest News Araria New Ration Card Bihar Ration Card 2026 Araria News Today