द फॉलोअप डेस्क:
Shivangi Singh Wedding: बिहार (Bihar) के मोकामा (Mokama) विधायक अनंत सिंह (Anant Singh) की बेटी शिवांगी सिंह (Shivangi Singh) की शाही शादी इन दिनों लगातार सुर्खियों में है। 25 नवंबर को बाढ़ के लदमा गांव में शिवांगी ने ऋषिकेश के साथ सात फेरे लिए। शादी समारोह में बड़ी संख्या में मेहमानों के पहुंचने के कारण सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। लेकिन, अब इस शादी से जुड़ा एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने पुलिस विभाग में हलचल मचा दी है। वायरल वीडियो में होमगार्ड का एक जवान पुलिस की वर्दी पहने मेहमानों को पत्तल बांटता और भोजन परोसता नजर आ रहा है। मामला सामने आने के बाद संबंधित जवान के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की गई है।

वर्दी में मेहमानों को परोसने लगा खाना
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे जवान की पहचान होमगार्ड सतीश कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शादी समारोह में भारी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए उनकी ड्यूटी कार्यक्रम स्थल के आसपास यातायात व्यवस्था संभालने के लिए लगाई गई थी। लेकिन, निर्धारित जिम्मेदारी निभाने के बजाय वह शादी समारोह में मेहमानों को पत्तल बांटते और भोजन परोसते दिखाई दिए। किसी व्यक्ति ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इसके बाद यह मामला वरिष्ठ यातायात अधिकारियों के संज्ञान में पहुंचा।
वीडियो की जांच के बाद ट्रैफिक एसपी का एक्शन
वीडियो वायरल होने के बाद यातायात पुलिस के अधिकारियों ने मामले का सत्यापन कराया। जांच में वीडियो सही पाए जाने के बाद ट्रैफिक एसपी ने होमगार्ड जवान सतीश कुमार के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्हें तत्काल प्रभाव से जिला मुख्यालय, पटना में क्लोज कर दिया गया है। साथ ही, अगले आदेश तक उन्हें यातायात ड्यूटी से वंचित रखते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया है। जवान से इस पूरे मामले में स्पष्टीकरण मांगा गया है। आगे की अनुशासनिक कार्रवाई जांच और स्पष्टीकरण के आधार पर की जाएगी।

यातायात पुलिस की छवि धूमिल होने की बात
यातायात पुलिस के अनुसार, निर्धारित ड्यूटी छोड़कर निजी समारोह में वर्दी पहनकर भोजन परोसने की घटना से विभाग की छवि धूमिल हुई है। इसे ड्यूटी के प्रति लापरवाही और अनुशासनहीनता के तौर पर देखा गया है। पुलिस विभाग का कहना है कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जवानों की तैनाती की जाती है। ऐसे में ड्यूटी के दौरान निर्धारित जिम्मेदारियों का पालन करना और जवाबदेही सुनिश्चित करना जरूरी है। यही वजह है कि वीडियो सामने आने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की गई।