द फॉलोअप डेस्क:
Anant Singh Daughter Wedding: बिहार (Bihar) के मोकामा (Mokama) से विधायक अनंत सिंह (Anant Singh) की बेटी शिवांगी सिंह (Shivangi Singh) की शादी इन दिनों चर्चा में है। 25 नवंबर को होने वाली इस शादी को यादगार बनाने के लिए नदवां से लेकर बिहटा तक भव्य तैयारियां की गई हैं। शुक्रवार, 20 नवंबर को शादी की रस्मों की शुरुआत फलदान और तिलक समारोह के साथ हुई। अनंत सिंह अपने पैतृक गांव नदवां से बिहटा पहुंचे, जहां उन्होंने होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार को तिलक चढ़ाया। इस मौके पर दामाद को फल, मिठाई, कपड़े, जेवर और अन्य उपहारों के साथ करोड़ों रुपये की कीमत वाली लग्जरी लैंड रोवर डिफेंडर कार देने की चर्चा है। तिलक समारोह से पहले घर में मंगल पूजन हुआ, जिसमें अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी समेत परिवार की महिलाओं ने पारंपरिक मंगल गीत गाए। बेटी की शादी के साथ ही परिवार में बेटे अभिनव सिंह के जनेऊ संस्कार की भी तैयारियां चल रही हैं।

25 नवंबर को शादी, जयपुर की थीम पर बनेगा भव्य मंडप
शादी के कार्यक्रमों का सिलसिला 23 नवंबर को हल्दी-कलश की रस्म के साथ आगे बढ़ेगा। इसमें शिवांगी के साथ उनके भाई अभिनव को भी हल्दी लगाई जाएगी। 24 नवंबर को मेहंदी और संगीत समारोह आयोजित होगा। इसके बाद 25 नवंबर को बिहटा से बारात अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां पहुंचेगी। यहां जयपुर के पत्रकार चौक की थीम पर करीब 100 फीट चौड़ा और 30 फीट ऊंचा भव्य जयमाला मंच तैयार किया जा रहा है। इसी दिन अभिनव का जनेऊ संस्कार भी होगा, जिसके लिए उन्हें बीएमडब्ल्यू कार उपहार में देने की बात सामने आई है। शादी समारोह में वीवीआईपी मेहमानों के आगमन को देखते हुए हेलीपैड भी तैयार किए जा रहे हैं।

घुड़दौड़ में थार और मेहमानों के लिए 150 पकवान
शादी का एक बड़ा आकर्षण 25 नवंबर को होने वाली घुड़दौड़ प्रतियोगिता भी होगी। इसके लिए नदवां में विशेष मैदान तैयार किया गया है, जहां अलग-अलग राज्यों से घोड़े पहुंच रहे हैं। प्रतियोगिता में पहले स्थान पर आने वाले घोड़े के मालिक को महिंद्रा थार, दूसरे स्थान पर आने वाले को बाइक और तीसरे स्थान पर रहने वाले को स्कूटी देने का इनाम रखा गया है। वहीं, शादी के भोज के लिए करीब चार लाख मेहमानों के आने का अनुमान है। इसके लिए लगभग 10 बीघा जमीन पर भव्य पंडाल बनाया जा रहा है, जहां 150 से अधिक तरह के पकवान परोसने की तैयारी है। राजनीतिक जगत की कई बड़ी हस्तियों को भी निमंत्रण भेजा गया है। इनमें लालू प्रसाद यादव, नीतीश कुमार, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और ब्रजभूषण सिंह जैसे नाम शामिल हैं। इस तरह शिवांगी की शादी पारंपरिक रस्मों के साथ भव्य आयोजन और खास इंतजामों को लेकर चर्चा में है।