द फॉलोअप डेस्क:
मोकामा (Mokama) से जेडीयू (JDU) विधायक अनंत सिंह (Anant Singh) की विधानसभा सदस्यता को लेकर मामला आगे बढ़ गया है। पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोपों पर विधानसभा सचिवालय (Legislative Assembly Secretariat) ने उन्हें नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया है। विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार के निर्देश पर सचिव संजय कुमार सिंह की ओर से यह नोटिस भेजा गया है। सोमवार को अनंत सिंह को नोटिस मिल गया। हालांकि, फिलहाल उनकी सदस्यता रद्द करने को लेकर कोई फैसला नहीं लिया गया है।

जेडीयू ने उठाई थी सदस्यता रद्द करने की मांग
अनंत सिंह के खिलाफ यह मामला जेडीयू की शिकायत के बाद शुरू हुआ है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार को आवेदन सौंपकर अनंत सिंह की सदस्यता समाप्त करने की मांग की थी। शिकायत में उन पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया गया था। जेडीयू की मांग पर विधानसभा सचिवालय ने मामले में प्रक्रिया आगे बढ़ाते हुए अनंत सिंह से जवाब मांगने का निर्णय लिया।
शिकायत के समर्थन में सौंपे गए दस्तावेज
जेडीयू ने अपनी शिकायत के साथ आरोपों के समर्थन में अखबारों की कटिंग, सीडी और अन्य दस्तावेज भी विधानसभा अध्यक्ष को सौंपे थे। इन सामग्रियों के आधार पर मामले की आगे की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया गया। इसके बाद विधानसभा सचिवालय की ओर से अनंत सिंह को नोटिस जारी किया गया है।

जवाब के बाद तय होगी आगे की कार्रवाई
विधानसभा सचिवालय ने अनंत सिंह को अपना पक्ष रखने के लिए सात दिनों का समय दिया है। अब इस अवधि के भीतर उनके जवाब पर आगे की कार्रवाई निर्भर करेगी। सदस्यता रद्द करने की मांग पर अंतिम निर्णय होना अभी बाकी है। ऐसे में अनंत सिंह का जवाब और विधानसभा अध्यक्ष का अगला कदम इस मामले में महत्वपूर्ण होगा।