गया/बिहार
गया जिले के शेरघाटी अनुमंडल से स्वास्थ्य व्यवस्था की बड़ी लापरवाही सामने आई है। सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, बीच रास्ते में एंबुलेंस खराब हो गया और समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाया। जिसके कारण बच्चे की मौत हो गई। घटना इमामगंज थाना क्षेत्र के पाकरडीह गांव की है।

रास्ते में खराब हुई एंबुलेंस समय पर नहीं मिला इलाज
मृतक युवक की पहचान 11 वर्षीय उज्ज्वल कुमार के रुप में हुई है। वह पलामू जिले के नौडीहा थाना क्षेत्र के तरीडीह गांव का निवासी था। उज्ज्वल अपनी मौसी के घर रहकर पढ़ाई करता था। बताया जा रहा है कि वह क्रिकेट खेलकर लौट रहा था, तभी मिट्टी लदे एक ट्रैक्टर ने उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इस हादसा में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ग्रामीणों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाय़ा और उसे शेरघाटी अनुमंडलीय अस्पताल भेजा। लेकिन परिजनों के मुताबिक बांके बाजार के पास पहुंचते ही एंबुलेंस बीच रास्ते में खराब हो गई। इस कारण वे समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाए। परिजनों ने आरोप लगाते हुए कहा कि यदि एंबुलेंस में तकनीकी खराबी नहीं आती तो उज्ज्वल की जान बचाई जा सकती थी।

मौत के बाद फूटा गुस्सा
इलाज में हुई देरी के बीच उज्ज्वल कुमार ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। इधर, ग्रामीणों ने एंबुलेंस सेवा की बदहाल स्थिति पर सवाल उठाए हैं। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस हादसे और एंबुलेंस खराब होने के पूरे मामले की जांच में जुट गई है। इस घटना ने ग्रामीण क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।